निगोही स्थित राइस मिल मैदान पर आयोजित क्रिकेट मैच में शाॅट लगाता खिलाड़ी। स्रोत: जागरूक पाठक
निगोही। पुवायां मार्ग की राइस मिल के मैदान पर आयोजित निगोही प्रीमियर लीग (एनपीएल) के तहत बुधवार को खेले गए मुकाबले में निगोही इंडियंस के कप्तान मुनव्वर खां और मोहित भाटी ने शानदार बल्लेबाजी करके निगोही कैपिटल्स को छह विकेट से हरा दिया। जीत में अहम भूमिका निभाने के लिए मोहित को मैन ऑफ मैच का खिताब दिया गया।
निगोही इंडियंस के कप्तान मुनव्वर खां ने टॉस जीतकर अपनी टीम से पहले गेंदबाजी कराई। बल्लेबाजी करते हुए निगोही कैपिटल्स की टीम ने 18.4 ओवर में सभी विकेट खोकर 120 रन बनाए। इसमें दिवाकर ने 36 और फैज ने 15 रन का योगदान दिया। इंडियंस की ओर से अंकित और मुनव्वर ने तीन-तीन विकेट चटकाए।
जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी निगोही इंडियंस की शुरुआत बेहद खराब रही। मात्र 27 रन के स्कोर पर टीम ने चार विकेट गंवा दिए। बाद में मोहित और मुनव्वर ने पारी संभाली और शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम को 15.5 ओवर में जीत दिला दी।
मोहित ने नाबाद 69 रन बनाए और उसमें मुनव्वर ने 28 रन जोड़े। अंत में निगोही इंडियंस ने छह विकेट से मैच जीत लिया। इस दौरान निगोही कैपिटल्स के सुशील ने दो विकेट लिए।
मैच की अंपायरिंग संयुक्त रूप से यूनुस मंसूरी और रमीज खां ने की। इस दौरान एनपीएल के चेयरमैन नदीम खां, पूर्व चेयरमैन राजेश सिंह, अमित राठौर, अरशद खां, हिमांशु आदि दर्शकों ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।