सेहरामऊ दक्षिणी। ग्राम पंचायत आटा बुजुर्ग के बिल्हइया गांव में 15 जनवरी की शाम रक्षपाल की आठ माह की पुत्री रिया की मौत निमोनिया से हुई थी। पोस्टमाॅर्टम में बच्ची की मौत की वजह स्पष्ट होने के बाद घरवालाें ने पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी है।
बालिका रिया की मौत होने के बाद शुक्रवार की सुबह उसका शव लेकर थाने पर पहुंचे रक्षपाल ने बरमौला अर्जुनपुर गांव के एक झोलाछाप पर गलत दवा देने और इंजेक्शन लगाने से उसकी मौत होने का आरोप लगाया था। इसके साथ ही उन्होंने पुत्री के शव का पोस्टमाॅर्टम कराने की मांग की थी।
थाना प्रभारी उमेश मिश्र ने बताया कि पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट में बच्ची की मौत का कारण निमोनिया आया। पीएचसी के प्रभारी डॉ. समीर कुमार के अनुसार, शिकायत मिलने पर वह अपने स्तर से मामले की जांच कराकर झोलाछाप के खिलाफ विभागीय कार्रवाई कराएंगे। संवाद