आरोपी होमगार्ड पुष्पेंद्र वर्मा। स्रोत: मीडिया सेल
बड़ा। महिला के सिर पर ईंट से प्रहार कर हत्या करने के आरोपी होमगार्ड को पुलिस ने तीसरे दिन जेल भेज दिया है। आरोपी होमगार्ड का कहना है कि उसे शक था कि महिला के किसी दूसरे के साथ संबंध हैं।
क्षेत्र के गांव भानपुर निबुआचक निवासी राजेश की 12 साल पहले मौत हो गई थी। उसकी 40 वर्षीय पत्नी किरन देवी के घर पर गांव पंडरिया दललेपुर निवासी होमगार्ड पुष्पेंद्र वर्मा का आना-जाना था। छह जून की रात पुष्पेंद्र महिला के घर आया। इस बीच दोनों में विवाद हुआ। इसके बाद पुष्पेंद्र किरन देवी का हाथ पकड़कर उसे खींचता हुआ घर के बाहर ले गया।
अशोक के प्लाॅट के पास पुष्पेंद्र ने किरन देवी के सिर पर ईंट मार उसे मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने उसी रात उसे गिरफ्तार कर लिया था। पूछताछ में पुष्पेंद्र ने बताया कि महिला को उसने मदद के नाम पर करीब 60 हजार रुपये दिए थे। उसकी दोनों बच्चियों का खर्चा देता था। फिर भी किसी अन्य दो लोगों से उसके संबंध हो गए थे। जब महिला के घर गया तो वे दोनों वहां मौजूद मिले थे। इसके बाद विवाद हुआ।