फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shahjahanpur News: गाने बजाने को लेकर हुए विवाद में दुल्हे को भी पीटा, बाद में शादी हुई संपन्न

Thu, 25 Apr 2024 07:20 AM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
पुवायां। निगोही रोड पर मंगलवार रात गीता सिटी कॉलोनी के पास बरात में डीजे पर मनपसंद गाने लगवाने को लेकर विवाद हो गया। लोगों ने बरातियों को जमकर पीटा। मारपीट में आठ बराती घायल हो गए। बाद में पुलिस की मौजूदगी में वरमाला कार्यक्रम संपन्न कराया गया। दूल्हे के पिता ने शादी से इन्कार कर दिया लेकिन दूल्हे की जिद के बाद शादी संपन्न हुई।
विज्ञापन

गीता सिटी कॉलोनी के पास पुवायां के ही एक गांव से बरात आई थी। वरमाला कार्यक्रम के समय वधू के घर के पड़ोस की एक युवती ने डीजे वाले से अपनी पसंद का गाना बजाने को कहा। इस पर बरातियों ने दूसरा गाना बजाने को कह दिया। इसको लेकर विवाद होने पर वधू के पड़ोस के लोग लाठी, डंडे लेकर आ गए और बरातियों को पीटना शुरू कर दिया। मौके पर भगदड़ मच गई। वधू पक्ष के लोग भी अपने पड़ाेसियाें के समर्थन में आ गए और बरातियों के साथ ही दूल्हे को भी पीट दिया गया। तमाम बराती मौके से भाग निकले।
इस बीच किसी ने मामले की सूचना पुलिस को दी। इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार राय फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और मामले को शांत कराया। वधू पक्ष के लोगों और दूल्हे के पिता ने शादी से इन्कार कर दिया। हालांकि दूल्हे ने अपने पिता की बात को मानने से इन्कार कर दिया और शादी संपन्न करने की बात कहीं। वधू पक्ष के लोग भी शादी को मान गए, लेकिन दूल्हे का पिता शादी को तैयार नहीं हुआ। इसके बाद पुलिस ने अपने सामने वरमाला कार्यक्रम संपन्न कराया। घायल बराती रात में ही निजी अस्पताल से इलाज के बाद घर चले गए।
विज्ञापन

इसके बाद फेरे भी पड़े और सुबह बरात को विदा कर दिया गया। इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार राय ने बताया कि सात-आठ बराती घायल हुए थे, लेकिन किसी ने तहरीर नहीं दी। इस कारण कार्रवाई नहीं की गई है। पुलिस की मौजूदगी में वरमाला कार्यक्रम संपन्न कराने के साथ ही दोनों पक्षों को समझा दिया गया था। सीओ पंकज पंत ने बताया कि मामले में कोई तहरीर मिलने पर जांच कराई जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें