फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shahjahanpur News: पांच दिन शेष... 16 किमी. सीवर लाइन व 14 हजार कनेक्शन देने का काम बाकी

Thu, 25 Apr 2024 07:18 AM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
शाहजहांपुर। अप्रैल समाप्त होने में पांच दिन शेष हैं...। जबकि अभी लगभग 16 किमी. सीवर लाइन बिछाने का कार्य तथा 14 हजार कनेक्शन दिए जाने का काम बाकी है। सीवर लाइन का काम अप्रैल में भी पूरा होना संभव नहीं है।
विज्ञापन

मजदूर न मिलने और अन्य दिक्कतों के कारण काम प्रभावित हो रहा है। फिलहाल 90 मजदूरों को गलियों में इंटरलॉकिंग को ठीक करने और घरों में कनेक्शन दिए जाने में लगाया गया है। इसके अलावा किला में ओवरहेड टैंक के पास सीवर लाइन बिछाने का काम हो रहा है। अब जून से पहले सीवर लाइन का काम होने की संभावना नहीं है।
राज्य सेक्टर कार्यक्रम के तहत शहर में 186 किमी. सीवर लाइन बिछाने का काम वर्ष 2021 में शुरू हुआ था। पहले यह कार्य जून 2023 तक पूरा कराया जाना था। फिर 31 दिसंबर 2023 और उसके बाद अप्रैल 2024 तक का समय दिया गया।
विज्ञापन


लगातार हो रही कार्य में देरी के चलते टेक्नोक्राॅफ्ट कंपनी पर जुर्माना भी लगाया गया था। यह कार्यदायी संस्था जल निगम की देखरेख में कार्य कर रही है। जल निगम के अधिकारियों का कहना है कि कार्य में देरी होने पर टेक्नोक्राॅफ्ट के भुगतान में 10 प्रतिशत की कटौती की जाएगी। गेहूं कटाई का काम पूरा होने के बाद मजदूरों की संख्या बढ़ जाएगी और सीवर के अवशेष कार्य को शीघ्र पूरा करा लिया जाएगा। इसमें दो माह का समय और लग सकता है। कार्य को पूरा करने के लिए समय सीमा बढ़ा दी गई है। किला क्षेत्र में ओवरहेड टैंक के पास सीवर लाइन बिछाने का काम हो रहा है, वहीं शहर की गलियों में इंटरलॉकिंग को ठीक करने और घरों में कनेक्शन देने का कार्य चालू है।


377 करोड़ रुपये की लागत से होना था काम
- इस परियोजना को पूरा कराए जाने के लिए वर्ष 2019-20 में 377 करोड़ रुपये प्रस्तावित थे। टेक्नोक्राफ्ट के पक्ष में 248 करोड़ रुपये का टेंडर हुआ। काम का उद्देश्य शहर में सीवर की समस्या और नदियों को प्रदूषण मुक्त बनाना है। इसके लिए घरों के किचन और शौचालय से निकलने वाला पानी सीवर लाइन से होकर मघई टोला में बनाए गए सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट में जाएगा। जहां पर जल शोधन होगा। उसके बाद शोधित पानी को नदियों में छोड़ दिया जाएगा। जल निगम के अधिकारियों के मुताबिक जल शोधन की प्रक्रिया शुरू भी हो चुकी है। मघई टोला क्षेत्र के आसपास डाली गई पाइप लाइन से सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट तक पानी आ रहा है।

मुख्य सड़कों का निर्माण भी अधूरा
-सीवर लाइन डालने के बाद शहर की मुख्य सड़कों का निर्माण कार्य होना है। इनमें केरूगंज से खिरनीबाग चौराहा से कचहरी रोड तक, चारखंभा से कच्चा कटरा, घंटाघर होकर तारीन टिकली से लाल इमली चौराहा होते हुए रोडवेज बस अड्डा वाली सड़क पर निर्माण चल रहा है।
सीवर लाइन का काम अधूरा होने के कारण कुछ स्थानों पर निर्माण नहीं हो पा रहा है। लाल इमली चौराहा से हॉकी मैदान मोड़ तक सड़क अधूरी है। वहीं खिरनीबाग चौराहे से कचहरी रोड पर काम बाकी है। इसी तरह से कुछ अन्य स्थानों पर सड़क अधूरी पड़ी है। पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों का कहना है कि सीवर का काम पूरा होने पर निर्माण करवाया जाएगा।

सीवर लाइन बिछाने के साथ ही घरों में कनेक्शन दिए जाने तथा गलियों की इंटरलॉकिंग ठीक कराने का कार्य जारी है। अप्रैल तक कार्य पूरा होना संभव नहीं है, इसलिए जून तक समय बढ़ाया गया है। इसके साथ ही काम में देरी के चलते टेक्नोक्रॉफ्ट कंपनी के भुगतान में 10 प्रतिशत की कटौती किए जाने की तैयारी भी है। - विनय शाक्य, अभियंता, जल निगम
विज्ञापन



विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें