बिजली की आपात कटौती और लाइन फाल्ट से घंटों बिजली सप्लाई बंद रखे जाने के विरोध में कांग्रेस सेवादल की शहर इकाई के कार्यकर्ता रविवार को सड़क पर उतर आए। उन्होंने लाल इमली चौराहे पर प्रदर्शन करके प्रदेश सरकार का पुतला फूंका। साथ ही 24 घंटे बिजली सप्लाई के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया।
प्रदर्शन से पहले सेवादल के कार्यकर्ता टाउनहाल के कांग्रेस कार्यालय में इकट्ठा हुए। वहां प्रदेश सरकार का पुतला तैयार किया और सभा करके बिजली संकट पर कड़ी नाराजगी जाहिर की। सभा की अध्यक्षता करते हुए सेवादल के शहर अध्यक्ष संजीव गुप्ता ने कहा कि भीषण गर्मी में बिजली कटौती की अवधि बढ़ जाने से समाज के सभी वर्ग परेशान हैं, लेकिन जनता की नुमाइंदगी करने वाले खामोश बने हैं।
उन्होंने प्रदेश के पिछड़ा वर्ग कल्याण राज्यमंत्री राममूर्ति वर्मा से इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि ऐसे मंत्री से कोई लाभ नहीं जो सत्ता में रहते हुए जिले को बिजली नहीं दिला सके। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कृष्ण विनोद मिश्र ने भाजपा के नगर विधायक और सांसद पर 24 घंटे बिजली दिलाने के मुद्दे पर जनता को मूर्ख बनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि इस संबंध में जनता को साथ लेकर पार्टी जनांदोलन छेडे़ंगे।
सभा के बाद कार्यकर्ता शहर अध्यक्ष संजीव गुप्ता के नेतृत्व में नारेबाजी करते हुए लाल इमली चौराहे पर पहुंचे। वहां कुछ देर रोड पर प्रदर्शन करने के बाद पुतला आग के हवाले कर दिया। प्रदर्शन और पुतला दहन में रिजवान खां, दौलतराम, शकील अंसारी, राजकुमार, मोहम्मद आसिफ, मोहम्मद काशिफ, शानू गुप्ता, संतोष शुक्ला, प्रवीण कुमार, रवि कैथवार, आशीष वर्मा, अशोक गुप्ता, चमन गुप्ता आदि शामिल रहे।