शाहजहांपुर। घरवालों को खाने में नशीला पदार्थ खिलाकर प्रेमिका नकदी और जेवरात लेकर प्रेमी के साथ चली गई। पिता ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की है।
अल्हागंज थाने में एक गांव के रहने वाले ग्रामीण ने रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनकी 20 वर्षीय बेटी का मोहल्ला ब्रह्मनान के रहने वाले तसलीम के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था। 19 जुलाई की रात बेटी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर खाने में नशीला पदार्थ मिला दिया। इसके बाद खाना खाते ही परिवार के सभी सदस्यों की तबीयत खराब हो गई।
इसके बाद सभी को सीएचसी अल्हागंज में भर्ती कराया गया। हालत में सुधार न होने पर फर्रुखाबाद के लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोप है कि इस बीच बेटी घर में रखे जेवरात व 42 हजार रुपये लेकर प्रेमी के साथ चली गई। सही होने पर जब तसलीम के घरवालों से शिकायत की तो सभी लड़ाई पर उतारू हो गए।
गाली-गलौज करते हुए सभी मारपीट कर दी। शंका है कि लड़के के परिवार वालों ने साजिश के चलते इस घटना को अंजाम दिया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।