पुवायां। खुटार के गांव सौंफरी निवासी वकील पुरुषोत्तम वर्मा के मकान के गेट पर गांव के कुछ लोगों ने ताला डाल दिया। शिकायत के बाद भी कार्रवाई न होने पर वकीलों ने एसडीएम से भी शिकायत की है, लेकिन कोई हल नहीं निकल सका है।
पुरुषोत्तम वर्मा ने बताया कि सौंफरी में उनका मकान है। मकान के कुछ अंश में गांव की धन देवी का भी हिस्सा है। दोनों का निकास एक ही है। आरोप है कि गांव के एक व्यक्ति ने मुख्य गेट पर ताला लगा दिया है। इससे उनको परेशानी हो रही है। एक सप्ताह पूर्व खुटार पुलिस से शिकायत की गई थी, लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं की गई है।
शनिवार को तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सुभाष शुक्ला के नेतृत्व में दशरथ कुमार, सुरेंद्रपाल शर्मा, रामलड़ैते श्रीवास सहित कई वकील एसडीएम चित्रा निर्वाल से मिले। वकीलों ने बताया कि पुलिस ने समय रहते कार्रवाई नहीं की तो विवाद बढ़ सकता है। थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार रावत ने बताया कि दूसरे पक्ष को बुलाया गया था, लेकिन वह थाने नहीं आया। वह खुद मौके पर जाकर जांच कर मामले का निस्तारण कराएंगे।