टाउनहॉल स्थित सीनियर सिटीजन केयर सेंटर का लोकार्पण करते हुए वित्तमंत्री सुरेश कुमार खन्ना। स्र
- फोटो : Archive
शाहजहांपुर। राज्य स्मार्ट सिटी योजना के तहत टाउनहॉल स्थित सीनियर सिटीजन केयर सेंटर का लोकार्पण सोमवार को वित्तमंत्री सुरेश कुमार खन्ना और राज्यसभा सांसद मिथिलेश कुमार कठेरिया ने फीता काटकर किया। इसका निर्माण कार्यदायी संस्था सीएंडडीएस ने एक करोड़ 93 लाख रुपये से कराया है। इसके अलावा वित्तमंत्री ने शहर में चार हॉटमिक्स सड़कों का शिलान्यास किया।
वित्तमंत्री ने बताया कि वरिष्ठ नागरिक देखभाल केंद्र का उद्देश्य शहर के बुजुर्गों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनके लिए सुरक्षित, सुविधाजनक व सम्मानजनक वातावरण देना है। यह केंद्र वरिष्ठ नागरिकों की आवश्यकताओं व सामाजिक कल्याण को ध्यान में रखते हुए विकसित किया गया है। इसके अलावा राज्य सेक्टर योजना के तहत वित्तमंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने 2.69 करोड़ की लागत ने बनने वाली चार हॉटमिक्स सड़कों का शिलान्यास किया।
इसमें घंटाघर से लकड़ी मंडी रोड तक, कटियाटोला में विभिन्न सड़कें, निशात टॉकीज से घंटाघर रोड तक, बहादुरगंज में जेल रोड से पुराने पोस्टमार्टम हाउस होते हुए लोधीपुर तक सड़कें शामिल हैं। इसके साथ ही वित्तमंत्री ने अजीजगंज और नवादा में नालों की सफाई व्यवस्था का जायजा लिया।
वित्तमंत्री ने लोहारों वाले चौराहा पर चल रहे निर्माण कार्य की स्थिति को देखा और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि काम समय से पूरा करा लिया जाए। इस दौरान नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, अपर नगर आयुक्त भान सिंह, मुख्य अभियंता आशीष त्रिवेदी आदि मौजूद रहे।