जलालाबाद। उधार देने से मना करने पर महिला दुकानदार को मारपीट कर घायल करने के आरोपी पति-पत्नी व बेटी सहित चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
क्षेत्र के गांव दुलरामई निवासी लालाराम की पत्नी जयदेवी ने पुलिस को बताया कि आठ दिसंबर की शाम वह घर के पास अपनी दुकान पर बैठी थी। इस दौरान वहां पहुंचे गांव का ही राजेंद्र दुकान से किराने का सामान लेकर रुपये उधार करने लगा। उधार सामान देने से मना करने पर राजेंद्र ने उसे गालियां दीं जिसका उसने विरोध किया।
आरोप है कि कुछ देर बाद राजेंद्र उसके भाई रवि, राजेंद्र की पत्नी पूजा व बेटी शशि को लाठी-डंडे लेकर दुकान की तरफ आता देख वह घर की तरफ भागी। उन लोगों ने घर मे घुसकर उसे पकड़ लिया और काफी पीटा। उसके लहूलुहान होकर गिरने के बाद आरोपी उसे जान से मार डालने की धमकी देकर भाग गए। इलाज के बाद लौटी पीड़िता ने पुलिस को तहरीर दी। इंस्पेक्टर राजीव तोमर ने बताया कि सभी चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। संवाद