कलान के गांव जहानाबाद खमरिया में धरने पर बैठे किसान। स्रोत : आयोजक
कलान। छुट्टा पशुओं से फसलों को हो रहे नुकसान के विरोध में किसानों का अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन बृहस्पतिवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। जिला पंचायत सदस्य रामकुमार राठौर के नेतृत्व में किसानों ने जहानाबाद खमरिया गांव में एकत्र होकर प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। समस्या के स्थायी समाधान के लिए बड़ी गोशाला बनाने की मांग उठाई।
धरनास्थल पर मौजूद किसानों ने बताया कि 24 जनवरी तक धरना चलेगा। यदि इस दौरान प्रशासन कोई ठोस और प्रभावी कार्रवाई नहीं करता तो 25 जनवरी से आंदोलन को भूख हड़ताल में तब्दील कर दिया जाएगा। किसानों की मांग है कि क्षेत्र में लगभग पांच हजार गोवंशीय पशुओं के लिए एक बड़ी गोशाला का तत्काल निर्माण शुरू किया जाए।
जिला पंचायत सदस्य रामकुमार राठौर ने कहा कि किसान दिन-रात कड़ी मेहनत कर फसलें उगाते हैं लेकिन छुट्टा पशु कुछ ही घंटों में उनकी महीनों की मेहनत पर पानी फेर देते हैं। मजबूरी में किसानों को कड़ाके की ठंड और अंधेरी रातों में खेतों की रखवाली करनी पड़ रही है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही फसलों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन को तेज कर दिया जाएगा।