शाहजहांपुर। कांट थाना क्षेत्र के गांव नगला जाजू निवासी अवनीश की 21 वर्षीय पत्नी प्रीति ने फंदे से लटककर जान दे दी। मायका और ससुराल पक्ष के बीच बहस होने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।
खेतीबाड़ी करने वाले अवनीश का विवाह हरदोई जिले की प्रीति के साथ हुआ था। रविवार की सुबह अवनीश, उनकी मां समेत परिवार के अन्य सदस्य खेत पर गए थे। तभी प्रीति ने कमरे में फंदे से लटककर जान दे दी। करीब दो घंटे के बाद परिजन लौटे तो मुख्य दरवाजा बंद मिला।
इसके बाद किसी तरह दरवाजे को खोलकर परिजन अंदर गए तो शव लटका देखकर चीख पड़े। मामले की सूचना मायके पक्ष को दी गई। प्रीति के परिवार के लोग पहुंचे तो दोनों पक्षाें में नोकझोंक हो गई।
इस बीच सूचना पाकर इंस्पेक्टर ब्रजेश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले को शांत कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। इंस्पेक्टर ने बताया कि मामले में तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद