रोते बिलखते रवि खुराना के परिजन
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। थाना सदर बाजार क्षेत्र की कृष्णानगर कॉलोनी निवासी बिस्किट व्यापारी रवि खुराना ने बुधवार सुबह फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली थी। रवि के ममेरे भाई मोनू ने सदर थाने पर प्रारंभिक तहरीर दी थी। इसके बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया था। हालांकि, रवि की बहनों के आने के बाद तहरीर में संशोधन करके दोबारा से दी जाएगी। शाम तक थाने पर तहरीर नहीं दी गई थी।
बिस्किट व्यापारी और भाजपा के नेता रवि खुराना (42) ने बुधवार को घर में फांसी के फंदे से लटककर खुदकुशी कर ली थी। उन्होंने सुसाइड नोट भी छोड़ा था, जिसमें बिस्किट कंपनी पर 22 लाख रुपये लेने के बाद भी माल की सप्लाई न देने का आरोप लगाया था। सामाजिक संगठनों से जुड़े रहे रवि की मौत की खबर सुनकर तमाम लोग इकट्ठा हो गए थे। मृतक के ममेरे भाई मोनू द्वारा प्रारंभिक तहरीर देने के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
बृहस्पतिवार को रवि का खन्नौत स्थित मोक्षधाम पर अंतिम संस्कार कर दिया। मुखाग्नि बेटे आरव खुराना ने दी। रवि की बड़ी बहन इंदौर निवासी सीमा और छोटी बहन सीमा कोटद्वार से सुबह पहुंच गईं। भाई का शव देखकर वह बिलख पड़ीं। खुद को संभालते हुए उन्होंने भाभी सोनिया खुराना को सांत्वना दी। रवि के मित्र कृष्ण गोपाल बिन्नू ने बताया कि रवि की बहन और अन्य रिश्तेदारों से राय-मशविरा कर दूसरी तहरीर दी जाएगी। सीओ सिटी सरवणन टी. ने बताया कि इस मामले में तहरीर नहीं आई है। परिजन की ओर से तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
पंजाबी महासभा आज देगी ज्ञापन
पंजाबी महासभा के सदस्य रवि खुराना के मामले को लेकर शुक्रवार को एसपी को ज्ञापन दिया जाएगा। व्यापारी नेता सुनील गुप्ता ने बताया कि शिष्टमंडल एसपी से मिलकर रवि का रुपया हड़पने वाले के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए एसपी से वार्ता करेगा।