सावन का पहला सोमवार शिव भक्तों के नाम रहा। सुबह से लेकर देर रात तक भोले बाबा के भक्तों का विभिन्न शिवालयों में तांता लगा रहा। हालांकि अभी कांवड़ यात्रियों का अता-पता नहीं है, लेकिन प्रमुख शिवालयों में भक्तों की खासी भीड़ रही। बड़ी संख्या में महिलाओं, पुरुषों और युवाओं ने उपवास रखकर सावन के पहले सोमवार को भगवान शिव का अभिषेक कर बेलपत्र आदि अर्पित की और मनौती मांगी।
नगर में चौक स्थित प्राचीन बाबा चौकसीनाथ मंदिर, बाबा विश्वनाथ मंदिर, बाबा बनखंडीनाथ मंदिर, पुराना जिला अस्पताल स्थित संकट मोचन मंदिर, लाल इमली चौराहा स्थित संकट मोचन मंदिर, आनंदपुरम में आनंदेश्वर महादेव मंदिर, लोहारों का चौराहा स्थित मनोकामनेश्वरनाथ मंदिर, बृज विहार कॉलोनी स्थित बृजेश्वर धाम मंदिर, इंदिरा नगर कॉलोनी स्थित शिव मंदिर, बक्सरियां में श्री दुर्गा रतन मंदिर, सरायंकाइयां, फैक्ट्री एस्टेट, लाला तेलीबजरिया स्थित प्राचीन शिव मंदिर समेत लगभग सभी शिवालयों में भक्तों का तांता लगा रहा। सुबह तड़के से ही प्रमुख मंदिरों और चौराहों पर बेलपत्र, पुष्प, धतूरे, भांग आदि बेचने वालों की कतारें लग गई थीं।
भक्तों ने पूजन थाल तैयार कर ओम नम: शिवाय, बोल बम, हर-हर महादेव के जयघोष के साथ जलाभिषेक शुरू किया। घंटों की ध्वनि से दिशाएं गूंजने लगीं। नगर में बाबा विश्वनाथ और बाबा बनखंडीनाथ में भारी सजावट भी की गई। इसके अलावा सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल भी मंदिरों में तैनात रहा। नगर पालिका की ओर से विशेष सफाई अभियान चलाकर चूने का छिड़काव भी किया गया।
पुराना जिला अस्पताल के सामने स्थित संकट मोचन मंदिर में पुजारी पंडित राज कुमार तिवारी ने जलाभिषेक कराया। जलाभिषेक में मंदिर प्रबंध समिति के राकेश श्रीवास्तव, सर्वेश राठौर, पंकज गुप्ता, हरि गुप्ता, राम किशोर समेत बड़ी संख्या में भक्तों ने भोलेबाबा का अभिषेक किया।
राधारमण मंदिर में सजाया ठाकुर जी का बंगला
श्रावण मास के पहले सोमवार को बाबा चौकसीनाथ मंदिर परिसर स्थित श्री ललित राधारमण मंदिर में विराजमान ठाकुरजी महाराज का दरबार भव्य और आकर्षक ढंग से सजाया गया। वृंदावन की तर्ज पर संचालित इस मंदिर के उपाध्यक्ष ओम नारायण अग्रवाल ने सोमवार को फूलों से ठाकुर जी बंगला सजवाया। इसके लिए वृंदावन से ही सात सदस्यीय टोली आई थी। केले और बेला-गुलाब के फूलाें से सजे दरबार के समक्ष भक्तों ने देर रात तक भजन कीर्तन किया। खासतौर महिलाओं की भीड़ रही। व्यवस्था बनाए रखने के लिए बैरीकेटिंग लगाई गई और सीसीटीवी कैमरों के साथ एलसीडी भी लगाई गई, ताकि भक्तों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। श्रृंगार में बलराम कृष्ण गोस्वामी और गोपाल कृष्ण गोस्वामीे का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आयोजन में अनीता शरण अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, सुनील अग्रवाल, प्रदीप अग्रवाल, प्रमोद द्विवेदी, देवांश अग्रवाल, गौरव अग्रवाल, संजीता अग्रवाल, विभा अग्रवाल आदि का योगदान रहा।
कलक्ट्रेट में बनाया कंट्रोल रूम
सावन के महीने में शांति व्यवस्था और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कंट्रोलरूम की स्थापना कर दी गई है। जिला मजिस्ट्रेट नरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि सावन के पवित्र माह में बड़ी संख्या कांवड़िये पवित्र सरोवरों और गंगा जी से जल भरकर गोला गोकर्णनाथ जलाभिषेक के लिए जाते हैं। इसके अलावा जनपद के विभिन्न प्राचीन मंदिरों में भी जलाभिषेक किया जाता है। ऐसे शांति व्यवस्था बनाए रखने को कलक्ट्रेट के कंप्यूटर कक्ष में कंट्रोल रूम बनाया गया है, जिसका दूरभाष नंबर 05842-220017, 220018 और 220019 तथा टोल फ्री नंबर 1800-180-5844 है। ये नंबर 24 घंटे प्रभावी रहेंगे। कंट्रोल रूम में जिला क्रीड़ाधिकारी अनिमेष सक्सेना, सहायक चीनी आयुक्त विजय बहादुर और सहायक निदेशक मत्स्य अनंत कुमार यादव की ड्यूटी लगाई गई है।
रामलीला मैदान में शिव महापुराण कथा कल से
आदर्श विकलांग कल्याण समिति की ओर से सावन महीने में श्री शिव महापुराण कथा एवं रुद्राभिषेक का आयोजन किया जा रहा है। समिति के प्रदेश सचिव नीरज वाजपेयी और संयोजक नरेंद्र सक्सेना ने बताया कि 11 जुलाई को पूर्वाह्न 11 बजे से हनमतधाम से कलश यात्रा निकाली जाएगी, इसके बाद 12 से 23 जुलाई तक खिरनीबाग रामलीला मैदान में श्री शिव महापुराण कथा शाम चार से रात नौ बजे तक होगी। 24 जुलाई को 1108 पार्थिव शिवलिंगों को निर्मित कर सामूहिक रूप से जलाभिषेक किया जाएगा और 25 जुलाई को आयोजन स्थल पर दोपहर 12 बजे से भंडारा होगा। रामलीला मैदान में ही कांवड़ियाें के लिए सूक्ष्म जलपान की व्यवस्था भी की जा रही है। काशी के संत प्रशांत प्रभु महाराज शिव महापुराण कथा श्रवण कराएंगे।
गोला गोकर्णनाथ में चढ़ाएंगे कांवड़
भोले सरकार सेना की बैठक में 22 जुलाई को पांचवीं कांवड़ यात्रा निकालने का निर्णय लिया गया। राष्ट्रीय महासचिव आशीष मिश्रा ने बताया कि 22 जुलाई को कार्यकर्ता घटियाघाट जल भरने जाएंगे और अगले दिन वहीं से कांवड़ लेकर गोला गोकर्णनाथ मंदिर में भोले बाबा का जलाभिषेक करेंगे। बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज अग्निहोत्री, आशीष मिश्रा, बंटी राठौर, विमल, शिवम, विजय सक्सेना, आलोक सिंह, नीरज सक्सेना आदि मौजूद रहे।