अपने आवास पर स्व गणना करते डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह। स्रोत: सूचना विभाग
शाहजहांपुर। जनगणना 2027 के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण और मकानों की गणना के अंतर्गत बृहस्पतिवार को डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह और एडीएम वित्त अरविंद कुमार ने अपने-अपने आवास से स्वगणना की प्रक्रिया पूर्ण की। डीएम ने लोगों को जनगणना अभियान में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया।
उत्तर प्रदेश में जनगणना के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण और मकानों की गणना का कार्य 22 मई से 20 जून 2026 तक होगा। जनगणना के शुरू होने से पहले स्वगणना की सुविधा दी गई है। डीएम ने बताया कि लोग स्वयं अपने मोबाइल, कंप्यूटर या लैपटॉप से घर बैठे जनगणना की पूरी जानकारी भर सकेंगे।
स्वगणना देश में पहली बार हो रही है। जिससे प्रक्रिया अधिक आसान, तेज और पारदर्शी रहेगी। स्वगणना करने वाले लोग ऑनलाइन पोर्टल http://se.census.gov.in पर जाकर अपने परिवार से जुड़ी सभी जानकारी खुद भर सकेंगे। सुरक्षित करने पर 11 अंकों की एक स्वगणना पहचान संख्या एसईआईडी जारी होगी, जिसे सुरक्षित नोट कर रख लेंगे।
स्वगणना के बाद प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना करेंगे। जिन्होंने पहले ही स्वगणना कर ली है। उन्हें अपनों 11 अंकों की एसईआईडी बतानी होगी। प्रगणक एसईआईडी दर्ज कर जानकारी का सत्यापन कर लेंगे।