शाहजहांपुर। डिग्री कॉलेजों में प्रवेश के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया बुधवार को समाप्त हो गई। कई बार तिथियां बढ़ने के बावजूद कॉलेजों में बीए, बीएससी की सीटें खाली रह गईं। विद्यार्थियों ने परंपरागत कक्षाओं के सापेक्ष व्यावसायिक कोर्स को ज्यादा महत्व दिया है।
महाविद्यालयों में स्नातक में 20 अगस्त तक पंजीकरण की समय सीमा दी गई थी। बुधवार को यह समय अवधि खत्म हो गई, लेकिन कॉलेजों की सीटें भर नहीं पाई हैं। जीएफ कॉलेज में बीए की दो हजार सीटों में 1130 ही भर पाईं हैं। बीएससी बायो में 640 सीटों में 600 पर प्रवेश हुआ। बीएससी पीसीएम में 640 के सापेक्ष 125 प्रवेश हुए हैं।
इसी तरह आर्य महिला डिग्री कॉलेज में बीए की 560 सीटों में 367, बीएससी में 240 में 148 ओर बीकॉम में 120 में 93 ही प्रवेश हुए हैं। पंजीकरण कराने वाले छात्र-छात्राएं 25 अगस्त तक प्रवेश ले सकते हैं। प्राचार्य डॉ.रुपांशु माला ने बताया कि व्यावसायिक कक्षाओं में छात्राओं का ज्यादा रुझान है।