एसएस कॉलेज के वाणिज्य संकाय में शोध प्रविधि पर चल रही कार्यशाला का समापन हो गया। दूसरे दिन कॉलेज के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित भी किया गया।
समापन सत्र के मुख्य अतिथि बरेली कॉलेज के पूर्व कॉमर्स विभागाध्यक्ष डॉ. एनएल शर्मा ने प्रोजेक्टर के माध्यम से शोध प्रविधि के प्रयोग पर व्याख्यान दिया। उन्होंने कहा कि आंकड़े मूक होते हैं, लेकिन प्रयोग करने वाला उन्हें भाषा प्रदान करता है। इसलिए यह प्रयोग करने वाले के ऊपर है कि वह आंकड़ों का प्रयोग किस रूप में करता है। इससे पूर्व नेहा सिंह ने मुख्य अतिथि का परिचय और डॉ. अनुराग अग्रवाल ने स्वागत भाषण में बताया कि डॉ. शर्मा ही उनके वास्तविक गुरु हैं और उन्होंने अध्ययन-अध्यापन के सदैव नवीन तरीके खोजे हैं, जिससे समाज का भला हुआ है। वर्तमान में डॉ. शर्मा जैसे शोधपरक दृष्टि रखने वाले शिक्षकों की बहुत आवश्यकता है।
इससे पूर्व प्राचार्य डॉ. एके मिश्रा ने डॉ. शर्मा को अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया। इसी कड़ी में जूही रस्तोगी, लवी खुराना, रीनू सिंह, चमन बी, प्रियंका, युवराज पटेल, आकाश सक्सेना, आराधना सक्सेना, हिमांशी गुप्ता, अनम खान, सोनाली कुदेशिया आदि मेधावियों को मेडल पहनाकर और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। संयोजक अंकित अवस्थी ने आभार व्यक्त किया। इस मौके पर एसएस लॉ कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजय वरनवाल, डॉ. पवन गुप्ता, डॉ. हरिचरन यादव, डॉ. महिमा सिंह, चंद्रभान त्रिपाठी, डॉ. आलोक सिंह, डॉ. आदर्श पांडेय, मनोज अग्रवाल, एसपी डबराल, डॉ. खुशबू गुप्ता समेत स्टाफ के अन्य सदस्य मौजूद रहे।