शाहजहांपुर। साइबर थाना पुलिस टीम ने ऑनलाइन ठगी के शिकार एक पीड़ित के बैंक खातों से चार लाख 15 हजार 316 रुपये की धनराशि वापस कराई है। पुलिस ने धोखाधड़ी में प्रयुक्त खातों को होल्ड कराकर यह सफलता हासिल की।
पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देश पर जनपद में साइबर अपराधों में ‘गोल्डन ऑवर’ की महत्ता को समझा जा रहा है। इसके तहत निर्धारित समय-सीमा में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। एसपी सिटी देवेंद्र कुमार ने बताया कि खुदागंज के दिवाकर विक्रम सिंह के साथ पांच लाख 23 हजार रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी हुई थी।
उन्हें जूडियो ट्रेंड की फ्रेंचाइजी दिलाने का झांसा दिया गया था। घटना में प्रयुक्त दो बैंक खातों को तुरंत होल्ड कराया गया। 21 जुलाई को पीड़ित के 1,28, 000 रुपये पहले वापस कराए गए थे। अब 2,87,316 रुपये और वापस मिल गए हैं। एसपी सिटी ने लोगों से अपील की है कि साइबर अपराध होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें। संवाद