अपहृत बेटी की बरामदगी के लिए कलक्ट्रेट में सत्याग्रह कर रहे बिजलीपुरा के रिक्शा चालक अशोक भोजवाल की पत्नी आशा और उनके तीन बच्चों को सोमवार शाम पुलिस ने सामान समेत घर भेज दिया था। मंगलवार सुबह दंपति फिर अपने बच्चों को लेकर कलक्ट्रेट में धरने पर बैठ गया। समर्थन में शोषित समाज मोर्चा और शिवसेना के कार्यकर्ताओं ने भी धरना देकर प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई पर नाराजगी जताई।
अनुसूचित आयोग के लिए मांगी पत्रावली
धरना स्थल पर पहुंचे जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कौशल मिश्र ने सत्याग्रही दंपति से पूजा अपहरण प्रकरण अनुसूचित जाति, जनजाति आयोग को भिजवाने के लिए मामले की पत्रावली मांगी है। उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों हरेवा कांड की जांच करने आए आयोग के राष्ट्रीय अध्यक्ष पीएल पुनिया से पूजा की मां आशा ने अपहृत बेटी बरामद कराने की गुहार की थी।