जलालाबाद। भगवान परशुराम की जन्मस्थली के सुंदरीकरण के गत माह शुरू हुए कार्य में तेजी आ गई है। वहां नाले का निर्माण अंतिम चरण में पहुंच चुका है और निर्माणाधीन बहुउद्देश्यीय हाल भी जल्द मूर्त रूप ले लेगा।
नगर पालिका के सात नालों के गंदे पानी को रोकने के लिए ताल के दक्षिण दिशा में नया नाला बनाया जा रहा है। नाले का काम लगभग पूरा हो चुका है। इसी नाले के पास से 7.5 मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण भी प्रस्तावित है। मार्ग को बनाने का काम तेजी से किया जा रहा है। निर्माणाधीन मार्ग बारह पत्थर से नगर के मुख्य चौराहे को जाेड़ने वाले मार्ग से मिलाया जाएगा। यह मार्ग बन जाने से श्रद्धालुओं के ट्रैक्टर ट्राॅली व अन्य भारी वाहन मंदिर के पास आसानी से पहुंच सकेंगे।
यह कार्य सीएंडडीएस से कराए जा रहे हैं। मार्ग और नाला निर्माण के अलावा राम ताल का घाट बनाकर उसका सौंदर्यीकरण भी प्रस्तावित है। इन सभी कार्यों के लिए शासन से 11 करोड़ की धनराशि स्वीकृत हुई है।
मंदिर परिसर में यूपी पीसीएल से कराए जाने वाले अन्य कामों के लिए शासन ने 19 करोड़ की धनराशि अलग से मंजूर की है। निर्माण कंपनी पहले चरण में दो पुरानी धर्मशाला तोड़कर वहां लिफ्ट युक्त दो मंजिला बहुउद्देश्यीय हाल बना रही है। इसमें सत्संग और अन्य धार्मिक आयोजन होंगे।
परिसर में श्रद्धालुओं के एक विस्तृत कवर्ड एरिया, पेयजल की व्यवस्था, परिसर में नाली व सड़क, तीन गेट का निर्माण, बिजली की भूमिगत व्यवस्था, परिक्रमा स्थल, शौचालय आदि भी बनने हैं। सभी कार्य 20 जून से शुरू हुए थे।
शासन से जारी पांच करोड़ रुपये की पहली किश्त से काम कराया जा रहा है। जल्द ही दूसरी किश्त की मांग भेजी जाएगी, ताकि निर्माण कार्य लगातार चलता रहे और सभी प्रस्तावित कार्य जल्द पूरे कराए जा सकें।
-रवि कुमार दुबे, अवर अभियंता, यूपीपीसीएल