बच्ची का हालचाल लेने राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचे एसपी राजेश द्विवेदी। स्रोत: मीडिया सेल
शाहजहांपुर। राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती बच्ची की हालत चिंताजनक बनी हुई है। जैतीपुर पुलिस सीसीटीवी कैमरों को चेक कर बच्ची को जिंदा दफनाने वाले बेदर्दों की तलाश कर रही है।
एसपी राजेश द्विवेदी ने मंगलवार सुबह एसपी सिटी देवेंद्र कुमार व एसपी ग्रामीण भंवरे दीक्षा अरुण के साथ राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचकर बच्ची के स्वास्थ्य के स्थिति की बारीकी से जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों से विस्तृत जानकारी प्राप्त कर शिशु के उपचार, देखभाल एवं आगे की चिकित्सीय व्यवस्थाओं के लिए कहा।
वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि बच्ची की व्यवस्थाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग की संयुक्त देखरेख में बच्ची को हर संभव सहयोग एवं संरक्षण प्रदान किया जा रहा है। एसपी ने बताया कि थाना जैतीपुर पुलिस विधिक कार्रवाई कर रही है। बाल कल्याण समिति एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर सभी आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही हैं।
अस्पतालों से जन्मे बच्चों की जुटाई जा रही जानकारी
तीन दिन पूर्व रविवार की सुबह बच्ची जैतीपुर थाना क्षेत्र के गौहापर गांव में नदी किनारे मिट्टी से दबी हुई मिली थी। राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती बच्ची का उपचार चाइल्ड लाइन संस्था की देखरेख में एसएनसीयू वार्ड में चल रहा है। प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि बच्ची की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं, इस मामले में जैतीपुर थाना प्रभारी गौरव त्यागी ने बताया कि बच्ची के परिजनों का पता नहीं चल सका है। अस्पतालों से भी 15 दिन में जन्मे बच्चों की जानकारी निकलवाई जा रही है। आज भी सीसीटीवी कैमरे चेक किए गए हैं।