शाहजहांपुर। खेती-किसानी करने वाले लोगों को सरकारी योजना का लाभ लेने पर पहले से ज्यादा फायदा होगा। जिला उद्यान विभाग में राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के स्थान पर एकीकृत बागवानी मिशन को शुरू किया है। इसके तहत योजनाओं पर अनुदान बढ़ा दिया है। हालांकि, अभी योजना के लिए लक्ष्य प्राप्त नहीं हुआ है।
जिला उद्यान विभाग से लोग केला, अमरूद, आम, फूल, सब्जी, मधुमक्खी पालन समेत कई तरह का कार्य योजनाओं का लाभ लेकर करते हैं। प्रत्येक फसल के लिए आवेदन करने पर अलग अनुदान मिलता है, लेकिन अब एकीकृत बागवानी मिशन में शाहजहांपुर जिले को शामिल कर लिया गया है। इसके तहत अनुदान में बढ़ोतरी होगी।
अधिकारियों के अनुसार फल, फूल, शाकभाजी समेत अलग-अलग तरह की सब्जियों के साथ ग्रीन हाउस व मशरूम आदि की खेती करने वाले किसानों को सरकार का साथ मिलेगा। इसके अतिरिक्त ट्रैक्टर-ट्रॉली, पैक हाउस समेत कई लाभ प्राप्त करने को अनुदान मिल सकेगा।
जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि एकीकृत बागवानी विकास मिशन (एमआईडीएच) बागवानी क्षेत्र के समग्र विकास के लिए योजना है। इसमें फल, सब्जियां, मशरूम, मसाले, फूल, औषधीय और सुगंधित पौधे व अन्य बागवानी फसलें शामिल हैं।
एकीकृत बागवानी मिशन में जिले को शामिल किया गया। विभिन्न फसल के लिए अनुदान मिलेगा। अभी इसका लक्ष्य जिले को प्राप्त नहीं हुआ है।
पुनीत पाठक, जिला उद्यान अधिकारी