शाहजहांपुर। रेलवे स्टेशन के विकास कार्य के तहत सरकुलेटिंग एरिया का विस्तार कर उसे पूर्वोत्तर रेलवे से जोड़ा जाएगा। यह कार्य होने से आवाजाही आसान हो जाएगी।
उत्तर रेलवे के पास सरकुलेटिंग एरिया में साइकिल का स्टैंड भी है। चूंकि, अब उत्तर रेलवे और पूर्वोत्तर रेलवे के स्टेशन स्थानीय अफसरों की निगरानी में है। ऐसे में सरकुलेटिंग एरिया को बड़ा करने की दिशा में कार्य चल रहा है। इसके लिए मेन स्टेशन परिसर में स्थित पुराने पार्सल कार्यालय भवन को हटाकर पॉवर केबिन के पास शिफ्ट कर दिया गया है। अब खाली हुए भवन को तोड़कर उत्तर रेलवे के मुख्य गेट से पूर्वोत्तर रेलवे तक सरकुलेटिंग एरिया तैयार किया जाएगा। इससे यात्रियों को आने-जाने के लिए अधिक जगह मिल सकेगी।
नए सरकुलेटिंग एरिया में साइकिल स्टैंड और कार स्टैंड बनाने की भी योजना है। इसके साथ ही पूर्वोत्तर रेलवे की ओर से भी एक गेट उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे यात्रियों को आवागमन में सुविधा होगी। बड़ा क्षेत्र मिलने से स्टेशन परिसर में यात्री सुविधाओं में सुधार आएगा।
सीनियर सेक्शन इंजीनियर वर्क्स ओपी शर्मा ने बताया कि बारिश रुकने के बाद निर्माण कार्य में तेजी लाई जाएगी। सरकुलेटिंग एरिया के विस्तार से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। संवाद