भावलखेड़ा। रौसर कोठी गांव से करीब तीन माह पूर्व रहस्यमय हालात में लापता हुई कांट इलाके के मोहल्ला पूर्वी पट्टी निवासी युवती शिखा का अब तक कोई सुराग नहीं लगने पर सीओ सिटी ने विवेचक बदल दिया है। अब लापता युवती की तलाश थाना आरसी मिशन के अपराध निरीक्षक अमित कुमार करेंगे। युवती का पता लगाने के लिए पुलिस ने बुधवार को शहर के प्रमुख चौराहों और मुख्य बाजारों में उसके पोस्टर भी लगवाए।
कांट के मोहल्ला पूर्वी पट्टी निवासी रामसागर की बेटी शिखा रौसर कोठी एक रिश्तेदारी में आई थी। गत 15 जून को वह संदिग्ध हालात में लापता हो गई। अब तक मामले की विवेचना उप निरीक्षक विक्रम सिंह कर रहे थे, लेकिन उनके स्तर से कोई प्रगति नहीं होने पर अपराध निरीक्षक को विवेचना सौंपी गई है।
बुधवार को अपराध निरीक्षक ने लंबे रूट की रोडवेज बसों और हरदोई बाइपास चौराहे समेत मुख्य बाजारों में युवती की तलाश संबंधी पोस्टर चस्पा कराए। इस बीच, गैर जनपद में युवती का सुराग मिलने पर पुलिस की एक टीम वहां रवाना की गई। सीओ सिटी देवव्रत वाजपेयी ने बताया कि लापता युवती को जल्द तलाश लिया जाएगा। संवाद