पुवायां। भैंसी नदी में अवैध खनन के मामले का मुख्यमंत्री कार्यालय ने संज्ञान लिया है। मामले में डीएम और एसपी से विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के प्रत्येक जिले में एक-एक नदी को पुनर्जीवित कराने के निर्देश दिए थे। शाहजहांपुर में डीएम ने इसके लिए भैंसी नदी का चयन किया। 15 वर्षों से सूखी पड़ी भैंसी नदी को पुनर्जीवन देने के लिए डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने काफी प्रयास किए। डीएम ने कई बार मौके पर आकर लोकभारती के स्वयंसेवकों और समाजसेवकों के सहयोग से नदी को खोदाई कराई थी। बरसात में नदी में पानी भी आया था। अब नदी सूखी पड़ी है। इसका फायदा उठाते हुए कई जगह पर रेत और मिट्टी खनन किया जा रहा है।
अमर उजाला ने भैंसी नदी में खनन का मुद्दा उठाया था। दो फरवरी को जिला खनन अधिकारी, नायब तहसीलदार मोहम्मद रिजवान और थाना प्रभारी रवि करन सिंह मीरपुर और फत्तेपुर जमीने लुकटहा पहुंचे। यहां भैंसी नदी में रेत खनन से बने गहरे गड्ढे मिले थे। किसानों ने खनन अधिकारी को बताया कि नदी से रेत खनन कर बिक्री की जा रही है। किसानों ने खनन करने वाले कुछ लोगों के नाम भी बताए थे। अधिकारियों ने खनन करने वालों के नाम पुलिस को देकर कार्रवाई के लिए कहा था।
अमर उजाला में 31 जनवरी को प्रकाशित खबर का मुख्यमंत्री कार्यालय ने संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव संजय प्रसाद ने प्रकाशित खबर को आईजीआरएस के माध्यम से दो फरवरी को डीएम, एसपी को भेजकर विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। आईजीआरएस को जांच के लिए पुवायां थाने भेजा गया है। थाना प्रभारी रवि करन सिंह ने बताया कि जांच आई है। जल्द ही जांच कर रिपोर्ट अधिकारियों को भेजी जाएगी।
सात दिन बाद भी खनन करने वालों को नहीं पकड़ सकी पुलिस
दो फरवरी को जिला खनन अधिकारी ने तहसीलदार और पुलिस के साथ मीरपुर के पास फत्तेपुर जमीने लुकटहा में जांच की थी। अधिकारियों ने खनन से अपना पल्ला झाड़ते हुए पुलिस पर खनन करने वालों को पकड़ने की जिम्मेदारी डाल दी थी। पुलिस सात दिन में एक भी खनन करने वाले को नहीं पकड़ सकी है।
खनन के मामले में जांच रिपोर्ट मांगे जाने की जानकारी नहीं है। खनन करने वालों को पकड़ने के लिए पुलिस को पहले ही निर्देश दिए जा चुके हैं।
- चित्रा निर्वाल, एसडीएम पुवायां
खनन और राजस्व विभाग की ओर से कोई अधिकारी, कर्मचारी तहरीर दे तो रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। इसके अलावा पुलिस को कार्रवाई करने के लिए कहा गया है।
- प्रवीण मलिक, सीओ पुवायां
अमर उजाला में 31 जनवरी को प्रकाशित खबर। स्रोत : अमर उजाला- फोटो : udhampur news
अमर उजाला में 31 जनवरी को प्रकाशित खबर। स्रोत : अमर उजाला- फोटो : udhampur news