रोजा। गांव बल्लिया निवासी सुनील ने रोजा थाने में तहरीर देकर तीन महिलाओं समेत छह लोगों पर कैफे में घुसकर तोड़फोड़ करने के साथ मारपीट का आरोप लगाया है। आरोप है कि एक लाख रुपये की रंगदारी भी मांगी गई।
सुनील ने पुलिस को बताया कि उसका गांव में कैफे हैं। 13 दिसंबर की शाम करीब साढ़े छह बजे एक दंपती कैफे में खाना खाने के लिए आए थे। इस दौरान तीन महिलाएं व तीन पुरुषों ने कैफे में घुसते ही मुख्य गेट का शीशा तोड़कर गालियां देना शुरू कर दीं। विरोध करने पर सभी ने उसके साथ मारपीट की और एक लाख रुपये की रंगदारी मांगी।
आरोप है कि हमलावरों ने कैफे में बैठे ग्राहक के साथ भी मारपीट की। सुनील ने बताया कि क्षेत्र के ही एक युवक ने सभी को भेजा है। इंस्पेक्टर अपराध गंगा सिंह ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद