फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shahjahanpur News: गर्म होकर जलने लगी केबल, आनंदपुरम फीडर समेत कई इलाकाें की बत्ती गुल

विज्ञापन
रोडवेज बस अड्डे के पास लाइन को सही करते कर्मचारी। स्रोत: बिजली निगम
विज्ञापन
शाहजहांपुर। तापमान में उछाल आने के साथ ही गर्मी का असर विद्युत लाइनों पर भी पड़ने लगा है। शहर में कई जगहों पर केबल जलने, तार टूटने से बिजली की आपूर्ति बाधित होने के चलते लोग परेशान रहे। आनंदपुरम फीडर समेत कई इलाकों की बत्ती जाने से लोगों को जागते हुए रात काटनी पड़ी।
विज्ञापन

बृहस्पतिवार की रात करीब साढ़े दस बजे ककरा उपकेंद्र का आनंदपुरम फीडर की आपूर्ति बाधित हो गई। केबल जलने की वजह से बिजली जाने पर टीम को मौके पर भेजकर सही कराया गया। उसके बाद भी ट्रिपिंग की समस्या से लोग परेशान रहे। करीब साढ़े तीन बजे तक लोग बिजली संकट से जूझते रहे।
बिजली जाने पर लोगों को काफी दुश्वारियों से दो-चार होना पड़ा। रात करीब 11 बजे बहादुरगंज उपकेंद्र का हुंडालखेल फीडर भी बंद हो गया। सुबह करीब तीन बजे आवास विकास पानी की टंकी के पास केबल जलने से फॉल्ट आने से बिजली ठप हो गई। कहेलिया फीडर टू फेज होने के चलते बिजली ठप रही। इसके बाद 11 केवीए बरतारा फीडर की आपूर्ति भी बाधित हो गई। शुक्रवार को निगोही रोड उपकेंद्र के रोडवेज बस अड्डे के पास बंच केबल डालने के चलते आपूर्ति बंद रही।
विज्ञापन


तार टूटने से बिजली आपूर्ति बाधित, लोग हुए परेशान
सेहरामऊ दक्षिणी। क्षेत्रीय गांवों के विद्युत उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति देने के लिए गांव बादशाहनगर में बनाए गए विद्युत उपकेंद्र से संबंधित गांवों को तीन फीडरों में बांटने के बावजूद रात में बिजली गुल हो जाती है। तार टूटने से फीडराें को बंद करना पड़ता है। उपभोक्ता संजीव कुमार सिंह, अखिलेश राणा, राम निवास, जितेंद्र सिंह यादव, अमित कुमार वर्मा, संजय कुमार वर्मा, साजिद खां आदि ने शिकायत दर्ज कराई है। एसडीओ राजेश कुमार ने बताया कि ओवरलोडिंग की वजह से दिक्कत आ रही है। जल्द ही अधिक क्षमता का ट्रांसफॉर्मर लगने से संकट खत्म हो जाएगा। संवाद

जलालाबाद : कई इलाकों में रहा बिजली संकट

जलालाबाद। बृहस्पतिवार देर रात नगर के मोहल्ला दयालनगर में बंच केबल फुंक जाने से मोहल्ले के अलावा कानूनगोयान मोहल्ले की बिजली आपूर्ति ठप हो गई, जिससे इन मोहल्लों की करीब डेढ़ हजार से ज्यादा की आबादी की रात करवटें बदलते गुजरी। शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे केबल को दुरुस्त कर जैसे ही आपूर्ति शुरू की गई, यहां लगा 250 केवीए का ट्रांसफाॅर्मर फुंक गया। बिजली नहीं आने के कारण मोहल्ला खेड़ा में लगी नगर पालिका की सबमसर्बिल चालू नहीं होने से खेड़ा, ब्रह्मनान और कानूनगोयान के लोगों के सामने पानी का संकट खड़ा हो गया। पक्की सराय व ब्रह्मनान निवासी दिनेश, अर्पित, मनोज आदि ने बताया कि रात में लो वोल्टेज होना आम बात है। एसडीओ सौरभ शाक्य ने बताया कि ओवरलोडिंग के कारण ट्रांसफाॅर्मर व अन्य तरह के उपकरणों में फाॅल्ट आ जाते हैं। संवाद


कांट : दो घंटे में 20 से ज्यादा बार ट्रिपिंग

कांट। बिजली ट्रिपिंग की समस्या से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बृहस्पतिवार को रात में दो घंटे के भीतर 20 बार से अधिक ट्रिपिंग ने लोगों को परेशान कर दिया। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े छह बजे से बिजली ट्रिपिंग की समस्या हुई। जेई रामसुरेश ने बताया कि ओवरलोड की वजह से ट्रिपिंग की समस्या आ रही है। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें