जलालाबाद सीएचसी मे भर्ती घायल राजेंद्र। संवाद
जलालाबाद। अल्हागंज क्षेत्र के गांव चौरसिया में बृहस्पतिवार दोपहर हमलावर हुए सांड़ ने एक ग्रामीण को पटक-पटक कर लहूलुहान कर दिया। लोगों ने ग्रामीण की जान बचाई। घायल को इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया।
चौरसिया गांव के शेरबहादुर ने बताया कि उसके बड़े भाई राजेंद्र (50) दोपहर में रामगंगा नदी किनारे खेत पर गए थे। वहां उनके खेत पर खड़ी गेहूं की फसल को सांड़ चर रहा था। राजेंद्र ने भगाने का प्रयास किया तो वह हमलावर हो गया और उनको सींगों में टांगकर कई बार जमीन पर पटका। पास में मौजूद गांव के ही शिशुपाल के चिल्लाने पर आसपास खेतों में मौजूद लोग लाठी-डंडे लेकर दौड़ पड़े और सांड़ को भगाया। घायल राजेंद्र को जलालाबाद सीएचसी लाया गया। चिकित्साधिकारी डॉ. सोमेश अग्निहोत्री ने बताया कि राजेंद्र के सिर पर काफी चोट है। संवाद