शाहजहांपुर। घर से नाराज होकर निकले नाबालिग भाई-बहन रोजा पुलिस को हरिद्वार की हरकी पौड़ी पर मिले। रोजा थाने की पुलिस ने मोबाइल से लोकेशन निकालकर उन्हें तलाश कर लिया।
शुक्रवार की सुबह रोजा थाना क्षेत्र के देवरास गांव निवासी पारस सक्सेना थाने पहुंचे। उन्होंने बताया कि भाई सोहन (08) व बहन दीपा (15) घर से नाराज होकर कहीं चले गए हैं। इंस्पेक्टर उमेश कुमार मिश्रा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए रिपोर्ट दर्ज की और दोनों भाई-बहन की तलाश में टीम गठित की।
क्षेत्र में लगे सीसी कैमरों की फुटेज देखी। दोनों भाई-बहन रेलवे स्टेशन पर लगे कैमरों की फुटेज में नजर आए। उनके मोबाइल नंबर की लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम हरिद्वार पहुंची। शनिवार की सुबह दोनों भाई-बहन की लोकेशन हरकी पौड़ी पर मिली। पुलिस टीम दोनों को साथ लेकर वहां से चल दी है। सीओ सदर शुभम वर्मा ने बताया कि दोनों भाई-बहन को सकुशल ढूंढ़ निकाला गया है।