तिलहर। तीन दिन पूर्व बुधवार को गर्रा नदी किनारे मिले बुजुर्ग के शव की पहचान राईखेड़ा गांव निवासी सोनपाल के रूप में हुई है। परिजनों ने शुक्रवार सुबह नगरिया चौकी पहुंचकर नाराजगी जताई। गांव के एक युवक व उसके रिश्तेदारों ने सोनपाल को नदी में फेंकने का आरोप लगाया है।
सोनपाल के बेटे बलवीर ने बताया कि उनके पिता की उम्र तकरीबन 60 वर्ष थी। वह 13 जनवरी की शाम करीब छह बजे घर से बिना बताए चले गए। पिता की काफी तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। इसके बाद थाने पहुंचकर पिता की गुमशुदगी दर्ज कराई। अज्ञात शव की जानकारी होने पर पोस्टमाॅर्टम हाउस पहुंचकर पिता सोनपाल के रूप में शव की पहचान की।
बलवीर ने बताया कि वह थाने से लेकर नगरिया चौकी तक चक्कर लगाते रहे, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इस मामले में चौकी इंचार्ज पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। साथ ही उनका आरोप है कि गांव के ही एक युवक व उसके रिश्तेदारों ने सोनपाल को नदी में फेंका है। प्रभारी निरीक्षक जुगल किशोर पाल ने बताया कि परिजनों से बातचीत कर उन्हें शांत करा दिया गया है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी।