फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shahjahanpur News: झाले के पास मिला युवक का शव, परिजनों ने कहा-हत्या हुई

विज्ञापन
सलीम का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन
विज्ञापन
शाहजहांपुर। निगोही थाना क्षेत्र के गनपतपुर गांव निवासी 35 वर्षीय सलीम की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। रविवार की शाम से लापता सलीम का शव सोमवार सुबह उसके घर से एक किलोमीटर दूर एक झाले के पास कच्चे रास्ते पर पड़ा मिला। परिजनों ने शरीर पर चोटों के निशान व नाक-मुंह से बह रहे खून को देख उसकी हत्या का आरोप लगाया है।
विज्ञापन

बादशाह के अनुसार, बेटा सलीम पिकअप वाहन चलाकर गुजर-बसर करता था। शनिवार शाम करीब पांच बजे वह घर से टहलने के लिए निकला था। देर शाम अंधेरा होने पर जब बेटा सलीम घर नहीं आया तब उसकी पत्नी कमरुनिशा को उसकी चिंता हुई।
उसने यह बात परिवार के लोगों को बताई। तब परिजनों ने बेटे सलीम के मोबाइल पर कॉल की। घंटी जाती रही, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। इसके बाद परिजनों ने रात 11 बजे तक उसकी खोजबीन की। बेटे का कुछ पता नहीं चल सका।
विज्ञापन

सोमवार सुबह करीब सात बजे झाले पर रहने वाले निर्मल सिंह अपने खेत पर जा रहे थे। इस बीच उन्हें कच्चे रास्ते पर एक युवक का शव पड़ा दिखा। उन्होंने तुरंत 112 पुलिस को सूचना दी। इस बीच सलीम की तलाश करते हुए पहुंचे पिता बादशाह व भाई आलिम ने शव की पहचान की।
बादशाह ने बताया कि बेटे सलीम की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी, लेकिन शरीर की चोटें बता रहीं हैं बेटे सलीम की हत्या की गई है। उसके नाक-मुंह से खून बह रहा था। सिर पर भी चोट थी। इस बीच सूचना पर पहुंची पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने जांच की।
सीओ सदर प्रयांक जैन ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सलीम के गायब मोबाइल से खुलेगा घटना का राज
परिजनों ने बताया कि सलीम का मोबाइल गायब है। उसके मोबाइल से घटना का राज खुल सकता है। उसी से पता चलेगा उसकी घटना के दिन किस-किस से बात हुई थी। पुलिस ने मोबाइल को सर्विलांस पर लगा दिया है। वहीं, तलाशी लेने पर मृतक की जेब से पिकअप की चाबी व 200 रुपये मिले।

कहीं और मारा गया मेरा बेटा, यहां लाकर डाला गया
बादशाह ने बताया कि बेटे की हत्या कहीं और की गई है। उसे जहां पर लाकर डाला गया है, वह आम रास्ता नहीं है। जिन लोगों के खेत हैं, वही लोग उस रास्ते से आते-जाते हैं। लग रहा है कि बेटे को किसी तबेले में मारा गया। उसके शरीर पर गोबर लगा था। बेटे की कोई दुश्मनी नहीं थी, लेकिन किसी न किसी से जरूर कोई बात हुई है।

हर पहलू पर पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने सलीम की मौत के मामले में हर पहलू पर अपनी जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने बताया कि सलीम चार भाइयों में सबसे बड़ा था। पत्नी कमरुनिशा का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया है। उनके चार बच्चे 11 वर्षीय साहिल, नौ वर्षीय आयशा, सात वर्षीय अनाया व पांच वर्षीय अनस की जिम्मेदारी मां कमरुनिशा पर आ गई है। उसकी बहनों की शादी हो चुकी है।

सलीम का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें