शाहजहांपुर में राजकीय मेडिकल कॉलेज में शव लटका मिलने की सूचना र पहुंची पुलिस। संवाद
शाहजहांपुर। राजकीय मेडिकल कॉलेज की एमसीएच (मदर एंड चाइल्ड हेल्थ) भवन की पांचवीं मंजिल पर करीब 30 साल के व्यक्ति का शव फंदे से लटका मिला। रात करीब दस बजे एक मरीज ने शव लटका देखकर गार्ड को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस युवक की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।
राजकीय मेडिकल कॉलेज के एमसीएच भवन की चौथी मंजिल पर मरीज भर्ती रहते हैं। उसकी पांचवीं मंजिल खाली पड़ी है। यहीं पर जीने के ग्रिल से बंधे दुपट्टे से युवक का शव लटका मिला। रात में जीने की तरफ गए मरीज ने शव लटका देखा तो उसकी चीख निकल गई। उसने तुरंत गार्ड को जानकारी दी। सूचना पाकर अस्पताल चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची। कुछ देर में वहां लोगों की भीड़ लग गई। चौक कोतवाली इंस्पेक्टर राजीव तोमर भी मौके पर पहुंचे और शव की पहचान कराने का प्रयास किया। देर रात तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। युवक हॉफ टी-शर्ट और पैंट पहने हैं। पुलिस ने अस्पताल के स्टॉफ से पूछताछ की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। जिस जगह पर शव लटका मिला है, वहीं सामने लिफ्ट के पास कैमरा लगा है। उसकी सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। पुलिस ने शव के फोटो सोशल मीडिया ग्रुप पर डाले हैं। सूचना पर प्राचार्य डॉ.राजेश कुमार भी मौके पर पहुंच गए और जानकारी ली है। इंस्पेक्टर राजीव तोमर ने बताया कि शव की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।