कलान। पिडारा उत्तर संपर्क मार्ग पर एक ग्रामीण का शव बबूल के पेड़ से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
क्षेत्र के ग्राम सथरा धर्मपुर निवासी 50 वर्षीय कमलेश यादव बृहस्पतिवार को खाना खाने के बाद रोजाना की तरह घर से टहलने के लिए निकले। जब वह काफी रात तक वापस घर नहीं आए तब परिवार वालों को उनकी चिंता हुई। परिजनों ने उनकी तलाश की, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चल सका।
शुक्रवार की सुबह परिवार के लोग दोबारा उनकी तलाश में निकले। इस बीच उन्हें सूचना मिली कि गांव पिंडारा उत्तर संपर्क मार्ग पर बबूल के पेड़ पर एक शव लटका हुआ है। परिवार के लोग तुरंत मौके पर गए। कमलेश यादव के लटके शव को देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।
परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेजा। परिजनों ने बताया कि मृतक कमलेश यादव की पत्नी की पहले ही मौत हो चुकी है। मृतक का एक बेटा लालू व दो बेटी सोनी व रूबी है।