जलालाबाद। सिकंदरपुर गांव के पास रोड पर बुधवार सुबह करीब 55 वर्षीय अज्ञात दिव्यांग व्यक्ति का शव उसकी ट्राइसाइकिल पर मिला। मृतक काफी कम कपड़े पहने हुए था। अनुमान है कि भीषण सर्दी में ठंड लगने से उसकी मौत हुई होगी।
काफी कोशिश के बाद भी शिनाख्त नहीं हो सकी। मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। नगर के बारह पत्थर चौराहे से लिंक मार्ग कई गांवों से होता हुआ जनपद हरदोई तक जाता है। ग्रामीण सुबह घरों से निकले तो उन्होंने इसी मार्ग पर गांव की मस्जिद के सामने दिव्यांग का शव उसकी ट्राइसाइकिल पर देखा।
ट्राइसाइकिल का रुख जलालाबाद की तरफ था। गांव वालों ने बताया कि देर रात तक यहां से वाहनों का आवागमन बना रहता है। अनुमान है कि तड़के दिव्यांग जलालाबाद की तरफ कहीं जा रहा होगा। इसी दौरान ठंड से ठिठुरकर उसकी मौत हो गई होगी।
प्रभारी निरीक्षक प्रदीप राय ने बताया कि दिव्यांग की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में ही स्पष्ट होगा।