शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा 31 मई को जिले के सात केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित की जाएगी। परीक्षा में कड़ी सुरक्षा रखते हुए केंद्र के गेट पर प्रवेशपत्र स्कैन किए जाएंगे। फिर विद्यार्थियों को बायोमीट्रिक प्रक्रिया से गुजरना होगा। परीक्षा में 2995 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
सोमवार को स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय में परीक्षा को लेकर बैठक में परीक्षा के जिला समन्वयक प्रो.आरके आजाद ने कहा कि बीएड प्रवेश परीक्षा बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी की ओर से होगी। पहली पाली प्रातः नौ से दोपहर 12 बजे व द्वितीय पाली दोपहर दो से शाम पांच बजे तक होगी।
उन्होंने सभी केंद्राध्यक्षों को परीक्षा से संबंधित सभी आवश्यक दिशा-निर्देशों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि जीएफ कॉलेज, एसएस कॉलेज, आर्य महिला डिग्री कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज व स्वामी धर्मानंद सरस्वती इंटर कॉलेज समेत सात केंद्र बनाए गए हैं।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर दो पर्यवेक्षकों व एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की जाएगी। उन्होंने पर्यवेक्षकों को निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा से संबंधित पैकेटों को खोलने का कार्य व परीक्षा के बाद सीलिंग उनकी उपस्थिति में किया जाएगा। परीक्षा से संबंधित विभिन्न पैकेटों की पैकिंग, परीक्षार्थियों की फ्रिस्किंग, बॉयोमीट्रिक, कैमरा इंस्टालेशन से संबंधित दिशा-निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की असुविधा महसूस होने पर केंद्राध्यक्ष तत्काल नोडल समन्वयक से संपर्क करें।
बैठक में प्रो.अनुराग अग्रवाल, प्रो.प्रभात शुक्ला, प्रो.कमलेश गौतम, प्रो.मोहम्मद सलीम खान, डॉ.मोहम्मद अरशद खान, डॉ.आलोक कुमार सिंह, डॉ. शिशिर शुक्ला, डॉ. प्रमोद यादव, कमलेश त्रिवेदी आदि मौजूद रहे।