पुवायां। गरीब का खोखा उठाकर नाले में फेंकने के बाद भी पुवायां पुलिस ने सुनवाई नहीं की तो पीड़ित ने डीजीपी को प्रार्थनापत्र भेज दिया। इसके बाद सीओ के निर्देश पर मामले में नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई है।
खुटार के गांव सरेली निवासी अनिल पासवान ने बताया कि वह पुवायां के गांव संजयनगर नाहिल में देशी शराब की दुकान के सामने खोखा रखकर नमकीन, पान, पान मसाला आदि बेचते हैं। कुछ दिन पूर्व शराब दुकान के ठेकेदार शाहजहांपुर के शुभम त्रिपाठी ने उससे खोखा हटाने के लिए कहा। मना करने पर गाली-गलौज करते हुए धमकाया।
बाद में वह पहुंचे तो खोखा, तिरपाल, बांस आदि नाले में पड़ा मिला। खोखे में रखा सामान गायब था। आरोप लगाया कि यह सब शराब ठेकेदार के लोगों ने किया। उससे खोखा रखने के लिए 500 रुपये रोजाना मांगे जा रहे थे। अनिल ने तीन सितंबर को आईजीआरएस पर डीजीपी को प्रार्थनापत्र भेजा।
डीपीजी कार्यालय से पत्र जांच के लिए आया तो सीओ ने पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने का आदेश दिया। थाना प्रभारी रवि करन सिंह ने बताया कि मामले में शुभम त्रिपाठी पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
अनिल पासवान ने आईजीआरएस पर प्रार्थनापत्र भेजा था। मामले की रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आगे की कार्रवाई कराई जाएगी।
- प्रवीण मलिक, सीओ पुवायां