शाहजहांपुर। रोजा की दुर्गा एन्क्लेव कॉलोनी में चार साल के मासूम को जहर देने के बाद हैंडलूम कारोबारी सचिन ग्रोवर व उनकी पत्नी शिवांगी ग्रोवर की फंदे से लटककर आत्महत्या करने के मामले में रामनगर कॉलोनी निवासी विक्की बग्गा अब भी पुलिस की पकड़ से दूर है। कुछ स्थानों से टीमें वापस भी आ गईं हैं।
26 अगस्त की रात हुई घटना ने सभी को हिलाकर रख दिया था। 27 अगस्त को शिवांगी की मां संध्या मिश्रा ने रामनगर कॉलोनी निवासी शैंकी आनंद, विक्की बग्गा व चौक निवासी देवांग खन्ना के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। अभी तक केवल आरोपी शैंकी आनंद को ही पुलिस ने जेल भेजा है।
वहीं, दूसरी ओर चौक कोतवाली में मोहल्ला बिजलीपुरा की अजरा बानो ने भाजपा पार्षद प्रदीप समेत नौ लोगों पर सूदखोरी का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस मामले में भी एक आरोपी राजकीय मेडिकल कॉलेज के वार्ड बॉय शबाब को पुलिस ने पकड़कर जेल भेज दिया है।
बाकी आरोपी अब भी पहुंच से दूर हैं। दोनों ही मामलों में पुलिस दावा कर रही है कि जल्द ही आरोपी गिरफ्त में होंगे। एसपी राजेश द्विवेदी ने बताया कि आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास किए जा रहे हैं।