भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय और अनुभूति नाट्य संस्था के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को हास्य-व्यंग्य नाटक द ग्रेट राजा मास्टर ड्रामा कंपनी का धमाकेदार मंचन किया गया। कलाकारों के हाव-भाव और चुटेले संवादों से गांधी भवन प्रेक्षागृह ठहाकों और तालियों से गूंजता रहा।
दिनेश भारती के हास्य नाटक द ग्रेट राजा मास्टर ड्रामा कंपनी का कुशल निर्देशन मुकेश कुमार मानस और सह निर्देशन शिवा सक्सेना ने किया। नाटक निर्देशक और सहनिर्देशक काफी अनुभवी हैं और भारतेंदु नाट्य अकादमी (बीएनए) लखनऊ से पासआउट हैं। नाटक में दिखाया गया कि एक दर्जी (मास्टर) अपने पुश्तैनी पेशे से जुड़ा है और उसके अंदर एक कलाकार भी है, जिस कारण वह अभिनय के लिए कुलबुलाता रहता है। वह द ग्रेट राजा मास्टर टेलरिंग कंपनी से ड्रामा कंपनी खोल लेता है। आसपास के लोगों को एकत्र कर वह नाटक तैयार करता है। इस बीच जो कुछ उसके साथ घटित होता है, उससे उसे पता चलता है कि वह मंच पर नहीं, अपितु दर्जीगीरी में ही कलाकारी कर सकता है।
नाटक मंचन में इरफान अहमद, प्रशांत गुप्ता, अतीक अहमद, सोहेल अहमद, शीलू मिश्रा, रचना सिंह, आदित्य कुमार, तरुण वर्मा, आशीष वर्मा, अंबुज त्रिवेदी, हर्ष कुमार, अभिनय अग्निहोत्री, सोनू सक्सेना, जुल्फिकार, योगेश आर्यन, पारस, वरुण, रजत, अभिषेक आदि शामिल रहे जबकि मंचन की व्यवस्थाओं में नेहपाल गौतम, अभिनय, धर्मेंद्र दिवाकर, राजेश भारती, गोपीनाथ महादेव पवार आदि का योगदान रहा। संयोजक मनोज कृष्ण मिश्र के संचालन में हुए नाटक के समापन पर संस्था निदेशक मनोज मंजुल ने आभार व्यक्त किया। इससे पूर्व नाटक का शुभारंभ सेंट्रल बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष एजाज हसन ने चंद्रवीर गंगू आदि के साथ नारियल फोड़कर किया। नाटक में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय प्रताप सिंह यादव समेत बड़ी संख्या में नाट्यप्रेमी मौजूद रहे। नाटक का मंचन सोमवार को भी शाम सात बजे से होगा।