मुरादाबाद मंडल के सीनियर डीएसओ पुष्पराज के निर्देशन में एसीएम एएन पाठक और एसीजेएम अनिल कुमार के नेतृत्व में रोजा रेलवे स्टेशन पर मजिस्ट्रेट चेकिंग की गई। इसमें 194 यात्रियों को बिना टिकट, सही टिकट न होने, धूम्रपान करने, गंदगी फैलाने पर पकड़ा गया। इनमें 10 पुलिस कर्मी भी शामिल थे। इनसे 22,550 रुपये टिकट और 47,150 रुपये जुर्माना सहित 69,700 रुपये की वसूली की गई।
मंडलीय अधिकारियों के नेतृत्व में पहुंची पांच सीआईटी और 17 टीटी की टीम ने बुधवार सुबह सात बजे से रोजा जंक्शन पर चेकिंग शुरू की। यह दोपहर 12 बजे तक चली। टीम ने सीतापुर पैसेंजर, पंजाब मेल, गुवहाटी एक्सप्रेस, किसान एक्सप्रेस, मुगलसराय, राजरानी एक्सप्रेस सहित 14 ट्रेन चेक कीं। एसीएम ने भी बोगियों में जाकर चेकिंग की। इस दौरान 10 पुलिसकर्मी बगैर टिकट यात्रा करते पकड़े गए। एसीएम ने सभी से जुर्माना वसूलने के निर्देश दिए।
सात यात्रियों से रेल परिसर में गंदगी फैलाने पर एक हजार रुपये जुर्माना वसूला गया। साथ ही दो यात्रियों से सिगरेट पीने और तंबाकू मसाला खाने पर चार सौ रुपये जुर्माना लगाया गया। जांच टीम में सीआईटी एसके श्रीवास्तव, राजीव शर्मा, पीपी विश्वकर्मा, ठाकुर प्रसाद, आरपी तिवारी, वाजिद अली खां सहित आरपीएफ के 11 और जीआरपी के 12 जवान मौजूद रहे।