शाहजहांपुर। जिले में चीनी के निर्धारित स्टॉक की निगरानी और सत्यापन के लिए तहसीलवार टीमें गठित की गई हैं। डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह के निर्देश पर सदर, पुवायां, तिलहर, जलालाबाद और कलान तहसील में चार-चार अधिकारियों की टीमें बनाई गई हैं।
एडीएम प्रशासन रजनीश मिश्रा ने बताया कि एक अगस्त से 30 नवंबर तक चीनी व्यापारियों पर स्टॉक सीमा लागू रहेगी। इसके तहत कोई डीलर चीनी प्राप्त होने की तारीख से 30 दिन से अधिक अवधि तक स्टॉक का भंडारण नहीं कर सकेगा। साथ ही देश में किसी भी स्थान पर चीनी का स्टॉक 4,000 क्विंटल से अधिक नहीं रखा जा सकेगा।
हालांकि सार्वजनिक वितरण प्रणाली की उचित दर दुकानों के लिए रखे गए स्टॉक पर यह सीमा लागू नहीं होगी। स्टॉक की स्थिति प्रत्येक शुक्रवार को अपडेट करना अनिवार्य किया गया है। सभी डीलरों को भारत सरकार के पोर्टल पर चीनी के स्टॉक की जानकारी दर्ज करानी होगी। सत्यापन टीमों को निर्देश दिए गए हैं कि वे चीनी के स्टॉक की घोषणा और वास्तविक उपलब्धता का मिलान करें। इसमें थोक विक्रेता, रिटेलर और चीनी के प्रोसेसर शामिल हैं।
जिले में चीनी का पर्याप्त स्टॉक
एडीएम प्रशासन ने बताया कि जिले में वर्तमान में चीनी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर चीनी के पर्याप्त स्टॉक को लेकर चल रही अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और अनावश्यक खरीदारी से बचने की अपील की। उन्होंने कहा है कि आमजन अपनी आवश्यकता के अनुसार चीनी की खरीदारी कर सकते हैं। यदि कोई व्यक्ति या व्यापारी चीनी का स्टॉक छिपाता है अथवा आवश्यक वस्तु अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार कार्रवाई की जरूरत पाई जाती है तो संबंधित के खिलाफ कठोर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।