जलालाबाद में हुए जिला स्तरीय तहसील दिवस में आईं 80 शिकायतों में से पांच का मौके पर निस्तारण किया गया। डीएम शुभ्रा सक्सेना ने कहा कि योजनाओं को सही से क्रियान्वित किया जाए तो शिकायत खुद ही कम हो जाएंगी। इसलिए अधिकारी अपने विभागों की योजनाओं के क्रियान्वयन में मानक और गुणवत्ता का ध्यान रखते हुए पात्रों को लाभान्वित करें।
डीएम ने कहा कि जरा सी लापरवाही ही शिकायतों का कारण बनती हैं। गोरा महुआगढ़ गांव के दो इंदिरा आवास के लाभार्थियों के बैंक खाते का एक अंक गलत हो जाने से उन्हें धनराशि नहीं मिली। बैंकों के चक्कर काटने के बाद उसने डीएम से शिकायत की। इसे गंभीरता से लेते हुए डीएम ने डीआरडीए के परियोजना निदेशक को निर्देश देते हुए कहा कि वह दोनों शिकायतों की जांच कर जल्द से जल्द निस्तारित कराएं।
डीएम ने कहा कि संवर्धन अभियान के अन्तर्गत चलाये जा रहे कार्यक्रम में प्रत्येक गांव में ग्रामीण स्वास्थ्य एवं सेवा पोषण दिवस मनाया जायेगा। कहा कि सभी अधिकारी गोद लिए गांवाें में दोपहर 12 बजे के बाद जाएंगे। ग्रामीणों को पोषण की जानकारी भी दें।
सीडीओ महेन्द्र बहादुर सिंह ने कहा कि कुपोषण दूर करने के लिए चार स्तर पर कार्य करना होगा। गर्भवती महिलाओं को पोषाहार, आयरन की गोली, संतुलित भोजन, दो वर्ष तक के बच्चों और किशोरियों के पोषण पर ध्यान देना होगा।
एसपी आरपीएस यादव ने सभी थानों के प्रभारियों को शिकायतों का मौके पर जाकर निस्तारण करने के निर्देश दिए। साथ ही जमीन संबंधी मामलों में राजस्व विभाग के कर्मचारियों को साथ ले जाने के लिए कहा। इस दौरान एडीएम प्रशासन एमएन उपाध्याय, एसडीएम जलालाबाद जंग बहादुर यादव, सीएमओ डॉ.उमेश सिंह यादव, डीएफओ नरेंद्र सिंह, जिला विकास अधिकारी पीपी त्रिपाठी, सहित सभी विभागों के अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।
पुवायां। मंगलवार को एसडीएम लालबहादुर की अध्यक्षता में आयोजित तहसील दिवस में 80 शिकायतें दर्ज की गईं। इस दौरान दो शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। एसडीएम ने कहा कि शेष शिकायतों का समय से सही निस्तारण कराया जाना आवश्यक है। इस मामले में लापरवाही बरतने में उच्च अधिकारियों को कार्रवाई के लिए लिखा जाएगा। फर्जी निस्तारण पर कड़ी कार्रवाई होगी। तहसील दिवस में सीओ उमेश शर्मा सहित तमाम अधिकारी मौजूद रहे।
तिलहर। तहसील दिवस में मंगलवार को 48 शिकायतें आईं, जिसमें से एक का मौके पर निस्तारण कर दिया गया। इस मौके पर सीओ संजय कुमार, तहसीलदार ओंकारनाथ वर्मा, बीडीओ बाबूराम वर्मा व अन्य कई तहसील स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।