खुदागंज। रामेश्वरगंज गौंटिया गांव से पांच दिन पहले संदिग्ध हालात में लापता हुई ईश्वरी प्रसाद की नाबालिग पुत्री रामबेटी बरेली में मिल गई। उसे सोमवार की रात कोई अज्ञात व्यक्ति वहां के थाना बिथरी चैनपुर पुलिस को सौंप गया। बरेली पुलिस ने किशोरी से पूछताछ करने के बाद उसे उसके परिजनों को सौंप दिया।
ईश्वरी प्रसाद ने थाने में पुत्री की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। उन्होंने पुलिस को बताया कि गत 24 सितंबर को दोपहर करीब 12 बजे पुत्री रामबेटी घर से दवा लेने के लिए खुदागंज जाने के लिए कह कर निकली थी। सोमवार की रात को बरेली के बिथरी चैनपुर थाने से सूचना दी गई कि एक किशोरी को कोई अज्ञात व्यक्ति थाने में पहुंचा गया है। सीओ विदुष सक्सेना के अनुसार किशोरी की मानसिक दशा ठीक नहींं होने से वह बरेली पहुंच गई। परिजनों को उसका इलाज कराने और उसे अपनी निगरानी में रखने के लिए कहा गया है। संवाद