थाना मदनापुर क्षेत्र के गांव मथाना में रविवार को एक किशोर की तालाब में डूबकर मौत हो गई। मृतक के पिता ने हत्या का आरोप लगाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह डूबने से होना बताई गई है। गांव मथाना निवासी मनिवास के मुताबिक उनका 13 वर्षीय बेटा रविवार की दोपहर करीब दो बजे घर से खेत पर जाने के लिए निकला था। जब वह काफी देर तक वापस नहीं आया तो उसकी तलाश शुरू की गई, लेकिन उसका कहीं पता नहीं लगा। गांव से खेत के जाने वाले रास्ते में तालाब पड़ता है, यहां पर गांव का एक व्यक्ति तालाब की खुदाई करवा रहा है। जिससे तलाब में गहरी खाई हो गई है। शंका होने पर तालाब में देवेंद्र की तलाश शुरू की गई। रात करीब आठ बजे देवेंद्र का शव तालाब में मिला। रामनिवास का आरोप है कि गांव के एक व्यक्ति ने पुरानी रंजिश में उसके बेटे की हत्या कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शव मिलने के बाद घर मेें मचा कोहराम
देवेंद्र रामनिवास का सबसे छोटा बेटा था। इसी वजह से वह परिवार में सबका लाडला था। उसका शव मिलने के बाद घर में कोहराम मच गया। मां कृष्णा देवी बेटे का शव देखकर बेसुध हो गईं हैं। भाई पुष्पेंद्र, बहन शारदा, पिंकी, संगीता और देवकी का रो-रोेकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलने पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। - प्रवेश सिंह, एसओ मदनापुर