कुर्रियाकलां। कांट-पाली मार्ग पर शनिवार की रात करीब नौ बजे ईंट भट्ठा के पास दो बाइकों की भिड़ंत हो गई। हादसे में हरदोई जिले के थाना पचदेवरा के गांव धर्मपुर निवासी सुमित (17) की मौत हो गई। मृतक के चचेरे भाई समेत तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक समेत घायल युवक हेलमेट नहीं लगाए थे।
अल्हागंज क्षेत्र के सुधीर अपने एक साथी के साथ शादी में शामिल होने कुर्रियाकलां की तरफ आ रहे थे। दूसरी ओर सुमित अपने चचेरे भाई प्रेम के साथ कुर्रियाकलां से हरदोई जिले की सीमा पर स्थित गांव धर्मपुर जा रहे थे। रास्ते में ईंट भट्टे के पास दोनों बाइकों की आपस में टक्कर हो गई।
हादसे में सुमित और उनके चचेरे भाई प्रेम गंभीर रूप से घायल हो गए। दूसरी बाइक पर सवार सुधीर और उनके साथी को सिर में गहरी चोटें आईं। मौके पर मौजूद लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को कांट सीएचसी पर भेजा। वहां डॉक्टर ने सुमित को मृत घोषित कर दिया।
प्रेम और सुधीर को गंभीर हालत में राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजा गया। वहां से दोनों को बरेली रेफर कर दिया गया। मृतक सुमित तीन भाई और दो बहनों में दूसरे नंबर का था और कुतुआपुर के ईंट भट्टा पर ईंट पाथने का काम करता था। सुमित की चचेरी बहन की रविवार शादी है। हादसे से परिवार में गम का माहौल हो गया।