शाहजहांपुर। शहर में कूड़ा जलाने वालों पर शिकंजा कसने के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। इन टीमों के सदस्य क्षेत्र में नियमित घूमकर कूड़ा जलाने वालों की निगहबानी करेंगे। कूड़ा जलाते पकड़े जाने पर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। शासन ने अभियान को नाम बीट एयर पॉल्यूशन नाम है।
जिले में वायु प्रदूषण गंभीर समस्या है। अगर शहर की बात करें तो सामान्यता यहां का एक्यूआई 98 रहता है, जो दिवाली पर बढ़कर 300 के पार पहुंच गया था, जिसे खतरनाक स्थिति माना जाता है। इसका कारण अधिक मात्रा में हुई आतिशबाजी रही। इसके अलावा कूड़े को जलाने, वाहनों से निकलने वाला धुआं और धूल कणों से वायु प्रदूषण बढ़ता है। इससे लोगों में दमा रोग और सांस फूलने की समस्या बढ़ने लगी हैं।
नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा ने नियमित मानिटरिंग के लिए टीमों का गठन किया है। इन टीमों का काम ऐसे लोगों पर नजर रखना है, जो कूड़ा जलाकर प्रदूषण फैलाते हैं। इनमें सफाई कर्मचारियों के अलावा आम नागरिक भी शामिल हैं। अगर कोई कूड़ा जलाता पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसको सख्ती के साथ अभियान के तौर पर लागू किया जाएगा। इसको लेकर शासन की ओर से बीट एयर पॉल्यूशन थीम पर अभियान चलाए जाने के निर्देश दिए गए हैं।
कूड़े के साथ पत्तियां जलाने पर भी है रोक
वायु प्रदूषण को रोकने के लिए सिर्फ प्लास्टिक कूड़े को ही नहीं, पेड़-पौधों की सूखी पत्तियों को जलाने पर भी रोक है। लेकिन गर्मियों के दिनों में अक्सर देखा जाता है कि सफाई कर्मचारी झाडू लगाकर पत्तियों को इकट्ठा करने के बाद उसमें आग लगा देते हैं। इससे हवा की गुणवत्ता और खराब हो जाती है। इसी को ध्यान में रखकर केंद्रीय शहरी आवास एवं शहरी विकास मंत्रालय द्वारा संचालित स्वच्छ भारत मिशन शहरी द्वारा निकायों के लिए खास कार्ययोजना तैयार की गई है। कूड़ा व सूखी पत्तियां जलाने वाले पर सॉलिड वेस्ट मेनेजमेंट रुल्स-2016 के तहत कार्रवाई की जाएगी।
कूड़ा जलने से रोकने को कार्रवाई करने का प्रावधान पहले से है। नगर आयुक्त के निर्देश पर इसको लागू किया गया है और नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। शासन से रूपरेखा प्राप्त होने पर नगर निगम की ओर से बीट एयर पॉल्यूशन थीम पर अभियान चलाया जाएगा। इससे वायु प्रदूषण फैलने से रोका जा सके।
- सैफ सिद्दीकी, डीपीएम, स्वच्छ भारत मिशन