गुरुकुल में छात्रों का परीक्षण करती डाॅक्टरों की टीम। संवाद
तिलहर (शाहजहांपुर)। रुद्रपुर स्थित गुरुकुल महाविद्यालय में कक्षा छह के छात्र अनुराग की मौत के मामले में पुलिस खुलासे के करीब पहुंच गई है। शनिवार को डॉक्टरों की टीम ने 22 बच्चों का मेडिकल परीक्षण किया।
कन्नौज जिले के थाना छिबरामऊ के रामखेड़ा गांव निवासी ब्रजेश कुमार का बेटा अनुराग यादव गुरुकुल महाविद्यालय में पढ़ता था। आठ जुलाई को विद्यालय में उसकी मौत हो गई थी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सिर में भारी चीज से चोट लगने और हड्डी टूटी होने से हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने जांच तेज की।
26 छात्रों से की गई पूछताछ में सिर्फ एक छात्र ही ऐसा है, जिसकी गतिविधि संदिग्ध है। वह बार-बार बयान बदल रहा है। पुलिस उसके साथी से भी लगातार पूछताछ कर रही है। छात्र की उम्र कम होने की वजह से पुलिस दबाव नहीं बना रही। एसपी राजेश द्विवेदी ने बताया कि जल्द ही वारदात का खुलासा होगा।
मेडिकल चेकअप कराया
घटना को लेकर छात्रों में भी दहशत बनी हुई है। शनिवार की दोपहर तिलहर सीएचसी अधीक्षक डॉ. ओमेंद्र राठौर के नेतृत्व में एक टीम गुरुकुल महाविद्यालय पहुंची। टीम ने गुरुकुल के 22 छात्रों का मेडिकल परीक्षण किया। डॉक्टर ने बताया कि मेडिकल चेकअप की रिपोर्ट बनाकर उच्च अधिकारियों को भेजी जा रही है।
चार छात्रों को पूछताछ के लिए शहर बुलाया
गुरुकुल में छात्र की मौत के मामले में चार छात्रों को शनिवार देर शाम शाहजहांपुर बुलाया गया। यहां अधिकारियों ने चारों छात्रों से एक-एक कर पूछताछ की। इनमें से दो छात्रों से कई बार पूछताछ की गई। वहीं, मृतक छात्र के परिवार वाले घटना के खुलासे के लिए लगातार पुलिस से संपर्क में रहे।