शाहजहांपुर। शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) की ओएमआर शीट में मामूली त्रुटियों के कारण परिणाम निरस्त होने से नाराज उत्तर प्रदेश बीटीसी शिक्षक संघ ने मंगलवार को मुख्यमंत्री और बेसिक शिक्षा मंत्री के नाम ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय में दिया।
जिलाध्यक्ष राजकमल आर्य के नेतृत्व में दिए ज्ञापन में बताया गया कि प्रदेश के बड़ी संख्या में अभ्यर्थी अच्छे अंकों से उत्तीर्ण हुए हैं, लेकिन रोल नंबर, बुकलेट नंबर या परीक्षा केंद्र भरने में हुई मानवीय भूल के कारण काफी अभ्यर्थियों के परिणाम निरस्त कर दिए गए। जिले में करीब पांच सौ अभ्यर्थियों के परिणाम निरस्त होने का दावा संगठन ने किया। संघ ने त्रुटियों में सुधार कर प्रभावित अभ्यर्थियों को न्याय देने की मांग की।
वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष प्रदीप जायसवाल ने बताया कि इसी परीक्षा में उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से गलत उत्तरों को बाद में संशोधित किया गया था। ऐसे में ओएमआर की मामूली त्रुटियों पर भी मानवीय दृष्टिकोण अपनाया जाना चाहिए। इस दौरान दाताराम वर्मा, रामासरे वर्मा, विनोद कुमार, सुषमा रानी और गया प्रसाद आदि मौजूद रहे। संवाद