प्रभारी मंत्री को ज्ञापन देते प्राथमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारी। स्रोत: संगठन
शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने जिले के प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप से भेंट कर विभिन्न समस्याओं के संबंध में ज्ञापन दिया।
ज्ञापन में मांग की है कि ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद विद्यालय खुलने पर भीषण गर्मी को देखते हुए विद्यालय समय में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए ताकि छात्र-छात्राओं को परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके अलावा शिक्षकों, शिक्षामित्रों और अनुदेशकों से अवकाश अवधि में जनगणना कार्य कराया जा रहा है, इसलिए उन्हें उपार्जित अवकाश प्रदान किया जाए।
प्रभारी मंत्री ने शिक्षक प्रतिनिधियों की बात ध्यानपूर्वक सुनते हुए दोनों मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान शिक्षकों ने उन्हें फिर से जिले का प्रभारी मंत्री बनाए जाने का स्वागत किया। प्रतिनिधिमंडल में संरक्षक राजकुमार सिंह, जिलाध्यक्ष यशपाल सिंह, जिला मंत्री विजय प्रताप सिंह, जिला कोषाध्यक्ष नितिन मिश्रा, अमित शुक्ला, ब्लॉक मंत्री कांट शैलेंद्र राजपूत आदि शामिल रहे। संवाद