खुटार (शाहजहांपुर)। जीएसटी की विशेष अनुसंधान शाखा (एसआईबी) के डिप्टी कमिश्नर अनिरुद्ध कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम ने खुटार में अंबे ट्रेडर्स के यहां छापा मारा। टीम को शाम तक जांच में 50 लाख रुपये की टैक्स चोरी मिल चुकी थी।
खुटार के पुवायां रोड पर स्थित अंबे ट्रेडर्स पर पुराने वाहनों कंबाइन, ट्रैक्टर सहित कई प्रकार के वाहनों को खरीद कर काटा जाता है और उनके पुर्जों को बिक्री कर दिया जाता है। पुराने वाहन भी बेचे जाते हैं। बृहस्पतिवार दिन में तीन बजे जीएसटी एसआईबी के डिप्टी कमिश्नर अनिरुद्ध कुमार सिंह के नेतृत्व में स्टेट टैक्स अधिकारी ताराचंद्र उपाध्याय, असिस्टेंट कमिश्नर वेदप्रकाश शुक्ला के साथ लखनऊ, बरेली और शाहजहांपुर जिले की 12 सदस्यीय टीम पहुंची।
कार्यालय पर मिले दस्तावेजों के साथ ही वहां पर मिले पुराने वाहनों और उनके पार्ट्स को भी टीम ने कब्जे में ले लिया। टीम ने कब्जे में लिए गए अभिलेखों की जांच करने के बाद अंबे ट्रेडर्स के गांव रायपुर पटियात के पास गोदाम पर भी छापा मारा। गोदाम में पुरानी कंबाइन, ट्रैक्टर और उनके पार्ट्स मिले।
अंबे ट्रेडर्स के प्रोपराइटर खुटार के संजय गुप्ता टीम को कागजात नहीं दिखा सके। देर रात तक टीम मौके पर मिले पुराने वाहनों, उनके पार्ट्स की खरीद और बिक्री के बिलों का मिलान करने में जुटी रही।
काफी समय से अंबे ट्रेडर्स पर थी एसआईबी की निगाह
अंबे ट्रेडर्स पर पुराने वाहनों का बड़ा कारोबार होता है। इसके सापेक्ष विभाग को कम जीएसटी मिल रही थी। कुछ लोगों ने टैक्स चोरी की शिकायत भी की थी। इसके बाद जीएसटी की एसआईबी अंबे ट्रेडर्स पर निगाह रखने लगी। कई दिनों तक प्रतिष्ठान पर होने वाली खरीद बिक्री की जानकारी के बाद यह साबित हो गया कि टैक्स चोरी की जा रही है। जीएसटी टीम ने 26 अक्तूबर 2025 को भी खुटार में दिनेश गुप्ता के कबाड़ और ट्रैक्टर एजेंसी पर छापा मारा था। टीम यहां से अभिलेख कब्जे में ले गई थी।
अंबे ट्रेडर्स पर टैक्स चोरी की शिकायत पर लखनऊ और बरेली की टीम को भेजकर गोपनीय जांच कराई गई थी। टैक्स चोरी का मामला सामने आने पर छापा मारा गया। जांच में अब तक 50 लाख रुपये की टैक्स चोरी पकड़ी जा चुकी है। अभी जांच चल रही है। टैक्स चोरी की रकम बढ़ सकती है। जांच पूरी होने पर कार्रवाई की जाएगी।
-अनिरुद्ध कुमार सिंह, डिप्टी कमिश्नर जीएसटी एसआईबी बरेली