शाहजहांपुर में बेटी की शादी बचाने के लिए ग्रामीण एक बाबा के चक्कर में फंस गया। बाबा ने पूजा कराने के नाम पर ग्रामीण से 70 हजार रुपये ठग लिए। सिंधौली थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सिंधौली थाना क्षेत्र के गांव करनापुर निवासी मितान ने थाने में दी तहरीर में बताया कि उसने अपनी बेटी सुमन की शादी लखीमपुर खीरी जिले के एक युवक के साथ की थी। शादी के कुछ समय बाद ही बेटी को उसकी ससुरालवालों ने दहेज के लिए परेशान करना शुरू कर दिया। इस मामले में पंचायतें भी हुईं, लेकिन बेटी के ससुराल वालों का रवैया नहीं बदला।
तंत्र विद्या कर मामला निपटाने की कही थी बात
इसके बाद बेटी को उसकी ससुराल वालों ने घर से निकाल दिया। तब से बेटी मायके में रही रही है। थाने में तहरीर दी गई, लेकिन कोई निस्तारण नहीं हुआ। बेटी को लेकर पूरा परिवार परेशान रहने लगा। दो-तीन माह पहले मिले एक बाबा को अपनी पूरी बात बताई तो उसने तंत्र विद्या कर मामला निपटाने की बात कही।
उसने दावा किया कि पूजा करने से ससुराल वालों का व्यवहार बदल जाएगा और बेटी का घर फिर से बस जाएगा। पूजा के लिए 70 हजार रुपये दे दिए, लेकिन जब कोई फर्क नहीं पड़ा तो बाबा से रुपये मांगे। उसने रुपये देने से मना कर दिया। सिंधौली थाना प्रभारी रवींद्र सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच की जा रही है। दोनों पक्षों को बुलाया गया है।